अपनी कहानियाँ आप रचते हैं

पुस्तकों में लिखते-लिखते

भाव साकार होने लगे।

शब्द आकार लेने लगे।

मन के भाव नर्तन करने लगे।

आशाओं के अश्व

दौड़ने लगे।

सही-गलत परखने लगे।

कल्पना की आकृतियां

सजीव होने लगीं,

लेखन से विलग

अपनी बात कहने लगीं।

पूछने लगीं, जांचने लगीं,

सत्य-असत्य परखने लगीं।

अंधेरे से रोशनियों में

चलने लगीं।

हाथ थाम आगे बढ़ने लगीं।

चल, इस ठहरी, सहमी

दुनिया से अलग चलते हैं

बनी-बनाई, अजनबी

कहानियों से बाहर निकलते हैं,

अपनी कहानियाँ आप रचते हैं।