नई-नई हसरतों की लपटें

वे बिन बुलाये हमारे घर आये। जब भी आते थे पुलिस की तरह बिन बुलाये ही दनदनाते ही आते थे। तरह-तरह की जांच-पड़ताल करते, हमें हमारे ही घर में कटघरे में खड़ा करते और भविष्य में सुधर जाने की चेतावनी देकर चले जाते। उनके पिछले पद-चिन्हों की छाप अभी मिटती भी न थी कि फिर चले आते।

इस बार भी आये। दल-बल सहित। हमने मुस्कुराकर, हाथ जोड़कर स्वागत किया वैसे ही जैसे करना चाहिए। वे जल्दी से भीतर आये और बैठने के लिए जगह ढूंढने लगे। हमने अपने दीवान और कुर्सियों की ओर संकेत किया - बैठिए। उन्होंने पूरे कमरे का निरीक्षण करते हुए हमारे दीवान और कुर्सियों की शोभा बढ़ाई।

‘‘क्यों भाभीजी, अभी वही पुराने ज़माने के दीवान, कुर्सियां चल रही हैं। कुछ नया क्यों नहीं लेते ?’’

‘‘ नया क्यों लें अभी, इतना पुराना भी नहीं है, और देखिए तो, ज़रा भी खराब भी नहीं हुआ है।’’

‘‘आप भी भाभीजी, कौन रखता है आजकल दीवान और कुर्सियां। इन्हें हटाकर बढ़िया सोफ़े-वोफ़े लीजिए न। एक-से-एक हैं मार्किट में। और वैसे भी आपको किस बात की कमी है।’’

‘‘लेकिन इनका क्या करेंगे ?’’

‘‘अरे ! बिक जायेंगे, नहीं तो कबाड़ में डालिए।’’

मैंने अपने पांच हज़ार के दीवान और दो-दो हज़ार की कुर्सियों को कबाड़ की दृष्टि से देखने का प्रयास किया।

‘‘अरे हां, आप अभी भी किराये के मकान में बैठे हैं। अपना नहीं बनाया अभी तक। आपको किस बात की कमी है, आप तो बैंक में हैं। पंद्रह-बीस हज़ार तो वेतन मिलता ही होगा। उत्तर की प्रतीक्षा किये बिना उनका प्रवचन जारी था ‘‘भाई साहिब का तो बिजनेस है। बिजनेस वालों को किस बात की कमी है। सब दो नंबर का काम है। क्यों भाई साहिब।’’

भाई साहब ‘‘हें हें’’ करके चुप हो गये।

अब बच्चों की बारी। कौन से स्कूल में पढ़ते हो?

‘‘हां भाई , मंहगे से मंहगे स्कूल में पढ़ा सकते हैं आप तो, आपको किस बात की कमी है।

‘‘अच्छा स्कूल अपन गाड़ी से जाते हो ?’’

‘‘नहीं आंटी साईकिल से।’’

उन्होंने बच्चों को बड़ी दयनीय दृष्टि से देखा। ‘‘क्या भाभी जी, आपके इतने बड़े-बड़े बच्चे साईकिल घसीट रहे हैं। क्या करेंगे इतना जोड़कर। बच्चों को स्कूटर वगैरह लेकर दीजिए तो।’’

‘‘अभी 18 वर्ष के भी नहीं, गाड़ी कैसे लें दें।’’

‘‘क्या भाभजी आप भी। कौन परवाह करता है आजकल, ये तो पैसे न खर्चने के बहाने हैं। कहां ले जायेंगे इतना जोड़कर,किसके लिए जमा कर रहे हैं, आपको किस बात की कमी है,जो बच्चों के लिए इतना कंजूसी।’’

‘‘आपको किस बात की कमी है’’

 

विषय बदलने का प्रयास करते हुए मैंने पूछा ‘‘अच्छा बताईये, चाय लेंगे या ठंडा?’’

‘‘भई हम तो ठंडा ही लेंगे। जबसे ये ड्रंक मेकर चले हैं, हमें तो पानी की जगह भी कोल्ड ही पीने की आदत हो गई है। किस कंपनी का है आपके पास?’’

‘‘जी ड्रंक मेकर नहीं है, कोल्ड ड्रंक है, कौन-सी लेंगे?’’

‘‘ क्या ????? इतनी छोटी-सस्ती-सी चीज़ भी नहीं रखी आपने। क्या करेंगी इतने पैसे जोड़कर।’’

इतनी देर में उनके बच्चे हमारे घर का निरीक्षण करके रिपोर्ट कार्ड अपने माता-पिता को सौंप रहे थे।

‘‘आंटी आपका टी.वी. ब्लैक एंड वाईट है क्या ?’’

वे कुछ और पूछते मैंने पहले ही कह दिया ‘‘ हां, बेटा , हमारा टी. वी. ब्लैक एंड वाईट है, बिना रिमोट का । वी.सी.आर. , सी.डी. प्लेयर भी नहीं है।’’

 उन सबने हमारे परिवार की ओर अत्यन्त दयनीय दृष्टि से देखा । फिर तरस खाते हुए बोलीं, ‘‘ आप तो बैंक में हैं। ऐसा सामान खरीदने के लिए तो बैंक वालों को खूब लोन-वोन मिलते हैं। नहीं तो बाज़ार मे ही आजकल सब कुछ किश्तों में मिलता है। इतनी एक्सचेंज आफ़र हैं बाज़ार में। । आपकी तो 18-20 वर्ष की नौकरी हो गई। मकान के लिए, टी.वी., फ्रिज, स्कूटर, कार, फ़र्नीचर, कम्प्यूटर, सबके लिए आप लोगों को तो बैंक मज़े से घर बैठे पैसा देता है। और आजकल तो बैंक वाले भी लोनों-वोनों में खूब कमाने लगे हैं। फिर आपको किस बात की कमी है जो ऐसे रह रहे हैं।’’

इसके बाद वे दो घंटे और बैठे। इस बीच उन्होंने ‘‘आपको किस बात की कमी है’’, ‘‘क्या करेंगे इतना जोड़कर’’, ‘‘बच्चों के लिए ही तो कमाते हैं हम’’, ‘‘किसके लिए जोड़ रहे हैं इतना’’, और ‘‘बेचारे बच्चे’’ कितनी बार कहा, मैं गिन न सकी।

फिर वे चले गये।

उनके पास न माचिस थी न लाईटर। न पैट््रोल न डीज़ल।

पर वे मेरे घर में आग लगा गये।

यह आग न पानी से बुझ सकती थी न किसी अन्य पदार्थ से।

हमने जल्दी ही बैंक से ढेर सारे ऋण ले लिए। कुछ वस्तुए बाज़ार से किश्तों पर ले लीं। अपना आधा वेतन और पूरा सेवाकाल बैंक के पास बंधक रख दिया। हमारा आधा घर आधुनिक हो गया और आधा घर कबाड़।

लेकिन आग अभी भी नहीं बुझी।

नई-नई हसरतों की लपटें रोज़ उठती हैं।

  

अंगदान के लिए आमजन कैसे हो जागरूक

अभी तक लोग रक्तदान के लिए तो जागरूक नहीं हैं तो अंगदान के लिए कहाँ हो सकते हैं।

अँगदान के लिए आमजन को जागरूक करने के दो ही तरीके हैं। पहला अंधाधंुध प्रचार, जैसे कभी परिवार-नियोजन, पोलियो, बै्रस्ट कैंसर, एच. आई. वी. एड्स, काॅपर टी का किया जाता था। देश में हर जगह, हर कोने पर। किन्तु सकारात्मक, मनोवैज्ञानिक, सार्थक, बृहद् जानकारी युक्त एवं भावपूर्ण। केवल प्रेरणा  से यह काम नहीं हो सकता। सोच में परिवर्तन लाना होगा।

दूसरा प्रयास जो इससे पहले आवश्यक है वह है क्या हमारा चिकित्सा-तंत्र इतना व्यवस्थित, जागरूक एवं आमजन के लिए उपलब्ध है कि यदि मैं अंगदान अथवा देहदान करना चाहूँ तो वह मेरी सहायता करेगा? क्या देश के किसी भी अस्पताल में किसी भी चिकित्सक से इससे सम्बन्धित जानकारी मिल जायेगी? जी नहीं।

यदि मुझे अंगदान अथवा देहदान करना है तो कहाँ जाना होगा, कौन-सा अस्पताल, कौन-सी संस्था? क्या संस्थाएं पंजीकृत हैं, कहीं ऐसा तो नहीं कि मैं जनहित में दान करुं और उसका व्यापार हो। देश के कितने चिकित्सालयों में यह सुविधा उपलब्ध है? हम किसी एन. जी. ओ. पर कैसे भरोसा करें। कौन-सा फ़ार्म भरा जायेगा? यदि किसी अनजान स्थान पर मेरी मृत्यु हो जाती है तो कौन उत्तरदायित्व लेगा कि मेरे अंग ले लिए जायें। गूगल पर मुझे केवल 228 अस्पतालों की सूची मिली जो देहदान लेते हैं, 137 करोड़ जनसंख्या के लिए। यह हास्यास्पद है। छोटी-से-छोटी चिकित्सा के हम निजी अस्पतालों के पीछे भाग रहे हैं। सरकारी तंत्र पर हमें विश्वास नहीं है। निजी अस्पताल हमें लूटते दिखते हैं।

अतः पहले संसाधन विकसित कीजिए, चिकित्सा-तंत्र का विकास कीजिए, सुविधाएं उपलब्ध करवाईये, विश्वास बनाईये, उपरान्त जागरूकता अभियान चलाईये, फिर आशा कीजिए।

  

महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा का प्रश्न

यदि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए नियुक्त उच्च अधिकारी ही किसी संदेहास्पद स्थितियों में मारे जायें तो इससे बढ़कर किसी देश का दुर्भाग्य क्या हो सकता है? यह सम्पूर्ण देश के लिए चिन्ता का विषय है।

आज हमारे देश में सुरक्षा लेना एवं सुरक्षाकर्मी लेकर चलना एक स्टेटस सिम्बल बन गया है। छोटे-से-छोटे पदाधिकारी के साथ भी आप बन्दूकधारी देख सकते हैं। इस दृष्टि से सुरक्षा व्यवस्था एक उपहास बनकर रह गई है। एक हीरोईन को 21 कमांडोज़ की सुरक्षा दे दी जाती है और उसका मीडिया धारावाहिक प्रसारण करता है। कितना हास्यास्पद प्रतीत होता है यह सब।

इस रूप में सुरक्षा किसे दी जाये, किस स्तर की दी जाये और कब तक दी जाये, इस पर पुनर्विचार होना चाहिए।

 

फुलप्रूफ़ सुरक्षा व्यव्स्था के मेरी दृष्टि में  तीन ही उपाय हैं: पहला गुप्तचर संस्थाओं को अत्याधिक आधुनिक, मज़बूत एवं व्यवस्थित करना। देश में अनेक सुरक्षा ऐजंसियाँ हैं, सबके बीच तालमेल की आवश्यकता एवं निजी सुरक्षा ऐजंसियों को भी खड़ा करना।   दूसरा किसी भी अपराधी को तत्काल दण्डित करना, जो कि  हमारे देश में अत्यन्त धीमी गति से चलता है।

और अन्तिम व सबसे महत्वपूर्ण है सुरक्षा किसे प्रदान की जाये, किस स्तर की और कब तक।

  

लड़कियों के विवाह की आयु सम्बन्धी कानून

 

अभी-अभी लड़कियों के विवाह की आयु बढ़ाने का कानून पारित हुआ। क्या इससे लड़कियों के जीवन पर कोई सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा? क्या हर परिवार सरकार की बात मानकर 21 वर्ष से पूर्व अपनी बेटी का विवाह नहीं करेंगा?

भारत में बाल विवाह अधिनियम 1929 में बना था, जो 1947 में संशोधित हुआ। 1949 में लड़कियों की विवाह की आयु 15 वर्ष और पुनः 1978 में 18 वर्ष नियत की गई। इस तरह के कानून केवल पुस्तकों में रह जाते हैं, पढ़ाए जाते हैं किन्तु गहराई से लागू नहीं होते। तो इस अधिनियम को लागू कैसे करवाया जाये, इस पर भी क्या विचार हो रहा है, शायद नहीं।

 देश में क्या कोई ऐसी संस्थाएँ हैं जो 137 करोड़ जनसंख्या वाले देश में होने वाले प्रत्येक विवाह की जांच कर सके? नहीं।  मात्र विवाह की आयु बढ़ाने से महिलाओं के जीवन में कोई अन्तर नहीं आने वाला,

क्या हम जानते हैं कि किसी भी विद्यालय में लड़के-लड़कियों का औसत प्रायः 55-45 होता है जो महाविद्यालय में आकर 40-60 अथवा 30-70 हो जाता है और उच्च शिक्षा में शायद 10-90। यह विकसित शहरों की स्थिति है जहाँ विवाह देर से ही होते हैं।

 इतने वर्ष बीत जाने पर अभी तक बाल-विवाह पर रोक नहीं लगाई जा सकी है तो मात्र कानूनन आयु बढ़ाने से कोई लाभ नहीं हो सकता। देश में आज भी कितने विवाह पंजीकृत होते हैं?

विवाह पंजीकरण अनिवार्य होने पर भी आज भी केवल शहरों में ही किसी सीमा तक विवाह पंजीकृत करवाये जाते हैं जहाँ आयु सीमा की जांच हो सकती है किन्तु विवाहोपरान्त ही पंजीकरण करवाया जाता है, पहले नहीं। अर्थात् यदि कहीं किसी ने कम आयु में विवाह किया तो वे पंजीकरण करवायेंगे ही नहीं। तो यह अधिनियम इतने बड़े देश में कार्यान्वित कैसे होगा? हमारे पास कोई उत्तर नहीं है। आंकड़ों के अनुसार देश में प्रतिदिन औसतन 30,000 विवाह होते हैं। बेघरबार, बंजारों आदि की गणना इनमें नहीं है। मात्र विवाह की आयु बढ़ाने से महिलाओं के जीवन में कोई अन्तर नहीं आ सकता। हाँ, शहरों में जहाँ शिक्षा के अवसर हैं, वहाँ लड़कियाँ पढ़ भी रही हैं, आत्मनिर्भर भी हो रही हैं और उनके विवाह की आयु भी अधिक है। कानून क्या कहता है, इस पर कोई विचार नहीं करता। किन्तु यह बात पूरे देश पर लागू नहीं होती।

और यदि लड़कियाँ उच्च शिक्षा प्राप्त भी कर लेती हैं तो वे उसका कितना लाभ उठाती हैं यह भी हम जानते हैं।

इतने वर्ष बीत जाने पर अभी तक बाल.विवाह पर रोक नहीं लग पाई है तो मात्र कानूनन आयु बढ़ाने से कोई लाभ नहीं हो सकता। देश में आज भी कितने विवाह पंजीकृत होते हैं?

लड़कियों को कुपोषण से बचाने, पढ़ाई व स्वाबलम्बन के उचित अवसर देने हेतु मात्र विवाह कानून में संशोधन से कोई लाभ नहीं होने वालाए जब तक कि हमारी सोच नहीं बदलती, शिक्षा, स्वाबलम्बन के प्रति दिशाएं सकारात्मक नहीं होतीं। इस परिवर्तन के लिए आवश्यक हैं हम स्वयं आगे बढ़ें, अपने आस-पास के लोगों को जाग्रत करें और इन कानूनों के प्रचार-प्रसार में सहयोग दें।

यह हास्यास्पद है कि बाल विवाह निषेध संशोधन विधेयक संसदीय समिति के 31 सदस्यों में केवल एक महिला है।

 

इंसान के भीतर वृक्ष भाव

एक वृक्ष को बनने में कुछ वर्ष नहीं, दशाब्दियाँ लग जाती हैं। प्रत्येक मौसम झेलता है वह।

प्रकृति स्वयं ही उसे उसकी आवश्यकताएँ पूरी करने देती है यदि मानव उसमें व्यवधान न डाले। अपने मूल रूप में वृक्ष की कोमल-कांत छवि आकर्षित करती है। हरी-भरी लहलहाती डालियाँ मन आकर्षित करती है। रंग-बिरंगे फूल मन मोहते हैं। धरा से उपज कर धीरे-धीरे कोमल से कठोर होने लगता है। जैसे-जैसे उसकी कठोरता बढ़ती है उसकी उपयोगिता भी बढ़ने लगती है। छाया, आक्सीजन, फल-फूल, लकड़ी, पर्यावरण की रक्षा, सब प्राप्त होता है एक वृक्ष से। किन्तु वृक्ष जितना ही उपयोगी होता जाता है बाहर से उतना ही कठोर भी।

किन्तु क्या वह सच में ही कठोर होता है ? नहीं ! उसके भीतर एक तरलता रहती है जिसे वह अपनी कठोरता के माध्यम से हमें देता है। वही तरलता हमें उपयोगी वस्तुएँ प्रदान करती है। और ठोस पदार्थों के अतिरिक्त बहुत कुछ ऐसा देते हैं यह कठोर वृक्ष जो हमें न तो दिखाई देता है और न ही समझ है बस हमें वरदान मिलता है। यदि इस बात को हम भली-भांति समझ लें तो वृक्ष की भांति हमारा जीवन भी हो सकता है।

और  यही मानव जीवन  कहानी है।

हर मनुष्य के भीतर कटुता और कठोरता भी है और तरलता एवं कोमलता अर्थात भाव भी। यह हमारी समझ है कि हम किसे कितना समझ पाते हैं और कितनी प्राप्तियाँ हो पाती हैं।

मानव अपने जीवन में विविध मधुर-कटु अनुभवों से गुज़रता है। सामाजिक जीवन में उलझा कभी विनम्र तो कभी कटु हो जाता है उसका स्वभाव। जीवन के कटु-मधुर अनुभव मानव को बाहर से कठोर बना देते है। किन्तु उसके मन की तरलता कभी भी समाप्त नहीं होती, चाहे हम अनुभव कर पायें अथवा नहीं। जिस प्रकार वृक्ष की छाल उतारे बिना उसके भीतर की तरलता का अनुभव नहीं होता वैसे ही मानव के भीतर भी सभी भाव हैं, कोई भी केवल अच्छा या बुरा, कटु अथवा मधुर नहीं होता। बस परख की बात है।

 

गलती से मिस्टेक हो गई

जब फ़ेसबुक पर नया-नया खाता खोला तब बड़ा शौक था तरह तरह की फ़ोटो पोस्ट करने का। गूगल से उठाये गये सूक्ति वाक्य, कोई चित्र आदि। बड़ा आनन्द आता था। जब भी कोई मैत्री संदेश मिलता, मन यूं खिल उठता जैसे पता नहीं कौन-सी निधि मिल गई। निधि की वास्तविकता का तो तब पता लगता जब महोदय अथवा महोदया संदेश बाक्स में आकर अपने मन की बातें कहने लगते और हम ब्लाॅक की ओर भागते। किन्तु एक बार की लत कहां छूटती है। लग गई तो लग गई।

फिर मिले कुछ साहित्यिक मंच। और हम लगे कविताएं लिखने। यहां तक तो ठीक था किन्तु जब कविताएं लिख रहे हैं तो सराहनात्मक प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं और हम भी औरों की रचनाओं पर प्रतिक्रियाएं लिखने लगे।

आप कहेंगे इसमें नया क्या, सबके साथ ही ऐसा ही तो हुआ होगा।

किन्तु हमारे साथ कुछ अलग और नया हुआ।

हमें अपने हिन्दी टंकण बड़ा गुरूर था। 1970 से रैमिंगटन टाईपराईटर पर सीखी हिन्दी टाईपिंग अब तक जीवन्त थी अंगुलियों में, और कम्प्यूटर के अंग्रेज़ी के की बोर्ड पर आराम से हिन्दी टाईपिंग कर लेते थे।

 किन्तु हुआ यूं कि हमारे हिन्दी फॅ़ांट ने हमें दे दिया धोखा। सीधे टंकण हो नहीं पा रहा था, इसलिए हम आ गये काॅपी-पेस्ट पर। अब काॅपी-पेस्ट तो आप सब जानते ही हैं। इधर से उठाया, उधर लगा दिया, उधर से उठाया इधर लगा दिया। वल्र्ड की फ़ाईल में लिखा, कन्वर्टर में पेस्ट किया, और फिर उठा कर फ़ेसबुक पर पेस्ट। किन्तु पेस्ट करते समय बहुत बार धोखा भी होता है और देखिए ऐसे ही धोखे जो मेरे साथ हुए।

बस, यहीं हम उलझे।

मैंने लिखा ‘‘मेरी रचना की आत्मीय सराहना के लिए आपका आभार। ’’

किन्तु काॅपी-पेस्ट में रह गया ‘‘मरी रचना के लिए’’

एक बार लिखा ‘‘रचना पर आपकी प्रतिक्रिया’’

बाद में देखा तो पेस्ट था ‘‘ चना पर आपकी प्रतिक्रिया’’

एक बार प्रतिक्रिया की ‘‘ आपकी रचना से मन आनन्दित हुआ’’

और काॅपी -पेस्ट हो गया ‘‘ पकी रचना से मन आनन्दित हुआ ’’

लिखा मैंने ‘‘ आभार , नमन’’, पेस्ट हुआ: ‘‘ भार, नमन’’

मैंने लिखा ‘‘ आपका हार्दिक आभार’’  पेस्ट हुआ ‘‘ पका हार्दिक आभार’’

स्‍वभाव  में तो  हडबडी है एक बार  लिखना था Hello Sir लिख  दिया  Hell Sir

यदि कभी आप सभी मित्रों को मेरी ऐसी प्रतिक्रियाएं मिलें तो कृपया पहला अक्षर जोड़ लीजिएगा।

 

 

अंगूठा-छाप

एक समय की बात है जब हम छोटे हुआ करते थे। उस समय अशिक्षित का यह कह कर उपहास किया जाता था कि रहा तू अंगूठा-छाप का अंगूठा-छाप ही। जो बच्चे अच्छे-से पढ़ते नहीं थे उन्हें भी यह कर डराया जाता था कि पढ़-लिख ले, नहीं तो फ़लां की तरह अंगूठा-छाप ही रह जायेगा, फिर ढोना खेतों में मिट्टी और करना खेतों में मज़दूरी। इन अंगूठा-छापों के लिए एक नीले रंग की रंगीन टीन की छोटी-सी डिब्बी-सी रखी रहती थी जिस पर अंगूठा लगवाने वाला अंगूठा ठोक कर उठवाता था और किसी भी कागज़ पर लगवा लेता था। अंगूठा-छाप होना बड़ा अपमानजनक माना जाता था।

 किन्तु यह उस समय की बात है जब लोग अंगूठे का महत्व नहीं समझते थे। जब से आधार कार्ड आया, हमें भी अंगूठे का महत्व समझ आया। आज आधार-कार्ड का अंगूठा ही आपकी पहचान है। अब याद कीजिए आपने आधार कार्ड बनाने वाले को कौन-सा अंगूठा दिखाया था।

आप जानना चाहेंगे मुझे आज अंगूठे की याद क्यों आई और कहां से चलकर आई। यह तो आप जानते ही हैं कि एक विद्यालय में कार्यरत हूं। विद्यालयों में विभिन्न परीक्षाओं के केन्द्र संचालित होते हैं। यहां पिछले सप्ताह हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अन्तर्गत ग्रुप डी के कर्मचारियों के चयन हेतु परीक्षा केन्द्र स्थापित था। अब आप सोच रहे होंगे यह ग्रुप डी क्या है, अंग्रेज़ी में एक महत्वपूर्ण पोस्ट लगती है किन्तु हिन्दी में इसे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कहते हैं।

अन्य विवरणों के अतिरिक्त इस पद हेतु भरे जाने वाले फ़ार्म में आवेदक का अंगूठा चाहिए] यहां भी भेद-भाव की नीति रही। लड़कियों का दायां और लड़कों का बायां। किन्तु चाहिए वही जो आधार कार्ड पर है नहीं तो दो सौ रूपये गये पानी में । हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग बहुत खुले दिल का है। आयु सीमा कर दी 25&42 और $ 5 वर्ष। इससे भी अधिक कि इस बहाने आप हरियाणा घूम सकें अधिकांश आवेदकों का परीक्षा केन्द्र उनके अपने शहर का नहीं बनाया गया, इस प्रकार उन्होंने पर्यटन को भी बढ़ावा दिया।

अब आईये परीक्षा केन्द्र के द्वार पर चलते हैं। बड़े-बड़े बैग उठाये अम्यर्थी पंक्तियों में लगे हैं। किन्तु परीक्षा केन्द्र के भीतर घड़ी, मोबाईल तो क्या गले, कान, नाक में भी कुछ नहीं ले जा सकते। पैन भी हम ही देंगे, बस आप परीक्षा दीजिए। साढ़े दस बजे परीक्षा के लिए साढ़े आठ बजे आपको अपने सम्पूर्ण चैकअप के लिए उपस्थित होना होगा। सबसे पहले आपके अंगूठे-छाप वाले प्रवेश-पत्र का निरीक्षण और उसके बाद निकालिए अपना अंगूठा। भौंचक से हरियाणे के छोरे-छोरे छोरियां देख रहे उस रंगीन-सी रोशन हरी डब्बी को, जिसमें बाउ ने कहा अंगूठा दिखा। अब छोरे-छोरियां तो उस डब्बी को देखें जायें। छोरे ने दायां हाथ आगे बढ़ाया, बाउ बोलया, अरे दायां नहीं उल्टा अंगूठा जो आधार कार्ड पर लगाया था, छोरे ने बाउ की शकल देखी और अंगूठा उल्टा कर दिया, नाखून वाला हिस्सा नीचे और बाकी हाथ उपर। सिर पर हाथ मारयो, चलो जैसे तैसे वहां तीन-तीन बार अंगूठे लेकर पहुंच गये अपणी -अपणी सीटां ते। 

अब आगे की कहाणी सुनो।

पेपर ऐसे सील बन्द कि रिजर्व बैंक के नोट भी न रखे जाते होंगे। कई तहों के बीच से निकले परीक्षा पत्र अन्ततः अभ्यथिर्यों के सामने रख दिये गये। अब फिर निकालो अपना वही अंगूठा। एक-दो नहीं पांच बार और लगवाया अंगूठा, तब जाकर चैन पड़ा।

अब आई परीक्षा देने की बारी। किसी-किसी ने तो वो दानेदान पेपर देखया ही पहली बार। देखें जाये उसे उलट-पलट कर। कोई बात नहीं उनको भी रास्ता दिखा दियो।

आपको स्मरण होगा कि मैंने बताया था कि परीक्षा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए है। चलिए आप सबके लिए प्रश्न-पत्र के कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों का  संक्षेप में अवलोकन करते हैं -

----बाईक पर थियेटर योजना किसने शुरू की।

-उच्च क्रियाशील धातु कौन-सी है- सीसा, लोहा, तांबा, जस्ता

-नाभिकीय खनिज और नाभिकीय उर्जा संयत्र

-लाला लाजपतराय, होम रूल आंदोलन हषवर्धन, दोड्डबेट्टा, बू अली शाह कलंदर आदि पर प्रश्न।

---चंडीगढ़ उच्च न्यायालय की इमारत का डिज़ाईन किसने बनाया।

---जूही चावला हरियाणा के किस ज़िले की है।

--इल्बर्ट बिल विवाद के साथ कौन- सा वायसराय जुड़ा था।

--बहू शब्‍द का बहुवचन रूप क्‍या है।

उच्च क्रियाशील धातु कौन-सी है- सीसा, लोहा, तांबा, जस्ता

-नाभिकीय खनिज और नाभिकीय उर्जा संयत्र

-लाला लाजपतराय, होम रूल आंदोलन, हषवर्धन, दोड्डबेट्टा, बू अली शाह कलंदर आदि पर प्रश्न।

-चंडीगढ़ उच्च न्यायालय की इमारत का डिज़ाईन किसने बनाया।

-जूही चावला हरियाणा के किस ज़िले की है।

इल्बर्ट बिल विवाद के साथ कौन- सा वायसराय जुड़ा था।

एक बहुत पुराना हास-परिहास है। एक डाकिये का साक्षात्कार चल रहा था। डाकिये से पूछा गया कि बताओ धरती से सूरज की दूरी कितनी है। प्रत्याशी बोला , महोदय यदि डाक इस रूट पर बांटनी है तो मुझे यह नौकरी नहीं चाहिए।

नौकरियों का झूठा झांसा देकर क्यों बरबाद किया जा रहा है इस पीढ़ी को।

 

न घटना न दुर्घटना

लगभग 15-16 वर्ष औटो में खूब धक्के खाये हैं। 1992 में किराया मात्र दो-तीन  रूपये होता था और आज इतने वर्षों बाद दस रूपये। मात्र तीन गुणा, ज‍बकि सरकारी बसों के किराया जो उस समय दस रूपये था आज एक सौ रूपये है फिर भी हम कहते हैं औटो वाले हमें लूटते हैं। आज  भी अधिकांश सवारियां मोल-भाव करती हैं। तरह-तरह के अनुभव रहे। सबसे सुविधाजनक यह रहता है कि औटो से कहीं भी उतर जाओ और कहीं भी हाथ हिलाकर रोक लो। कोई नियम नहीं, कोई रोक नहीं। अपनी सुविधानुसार हम औटो वाले से जहां-तहां रूकवा लेंगे, भरे औटो में भी जगह बनाकर सरक-सरक कर बैठ जायेंगे और फिर औटो वाले को भला-बुरा कहेंगे कि लालच करते हैं नियमों का पालन नहीं करते।

औटो वालों से अधिक मुझे औटो में यात्रा करने वाली सवारियों से शिकायत रहती थी। जहां उतरना है, वहां उतरकर पर्स निकालेंगे उसमें से दूसरा पर्स निकालेंगे, दो जेबों में हाथ डालकर पैसे ढूंढेगे और फिर पांच या दस रूपये देने के लिए सौ-पचास का नोट पकड़ा देंगे, फिर बहस करेंगे कि तुम पैसे खुले क्यों नहीं रखते, सवारियों को लूटना चाहते हो।

मुझे प्रतिदिन औटो लेना होता था, मैं घर से हाथ में खुले पैसे लेकर चलती थी और औटो के स्टाप पर रूकने से पहले ही पैसे दे देती थी। चाहे बस में यात्रा करूं या औटो में यह मेरा नियम था। इतने वर्षों तक औटो में एक ही राह पर जाने से कितने औटो वालों से तो मानों एक आत्मीय व्यवहार हो गया जोकि एक ही रूट पर चलते रहे मेरी तरह। हाल-चाल पूछना, परिवार की जानकारी, सुख-दुख की बातें, 15&20 मिनट की यात्रा में कई बातें हो जाती थीं।

बस एक ही बार कटु अनुभव हुआ। स्कूल में कोई कार्यक्रम होने के कारण अंधेरा घिरने के बाद मैंने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड से लगभग सात बजे एक औटो लिया जिसमें दो सवारियां पहले से बैठी थीं। मेरे हाथ में बड़ा-सा पर्स था। औटो वाला लड़का-सा था।  जैसे ही मैंने औटो के पायदान पर एक पैर रखा, औटो वाले ने औटो चला दिया और मुख्य सड़क से हटकर सुनसान अंधेरे रास्ते, जो श्मशान घाट से होकर जाता था वहां डाल दिया। मैं आधी लटकी रह गई। लगभग चिल्लाने लगी, भैया औटो रोको, औटो रोको, वह फिर भी भगाता रहा। पहले बैठी सवारियां भी कुछ नहीं बोल रही थीं, पल-भर में ही दिमाग घूम गया कि लूट का मामला तो नहीं। मैंने ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाना शुरू किया और चालक की कालर खींचनी शुरू कर दी, कान-नाक जो हाथ आया, मारना शुरू कर दिया। और लगभग छलांग लगा दी। औटो रूका और मैंने लड़के को दो-चार थप्पड़ लगा दिये, रोने-सk लगा वह कि पीछे पुलिस वाले थे और उसने गलत जगह रोका था, उनके डर से भगा रहा था। मौका पाते ही औटो वाला भाग गया और मैं पीछे मुड़कर पुलिस वालों से बहस पड़ी कि वे गप्पें मार रहे थे और मेरी चीखें नहीं सुनीं। उन्होंने एक और औटो मेरे लिए कर दिया, मानों मुझसे पीछा छुड़ाया। 

घर आकर अपने पति को किस्सा सुनाया, आदतन चुपचाप सुना और बस। किन्तु अगले दिन भी स्कूल से निकलने का वही समय था।

स्कूल से बाहर निकली तो पतिदेव स्कूटर लेकर खड़े थे मुझे लेने के लिए। मैं चकित आज यह कैसी अनहोनी।
बोले,  मैंने सोचा कल की तरह किसी को मारपीट न आये, या थाने ही न चली जाये पुलिस वालों से लड़ने के लिए ,  मैं ही लेने आ जाता हूं। वाह ! आज तो अनहोनी हो गई। पहले  जब मैं कहती थी मुझे लेने आ जाना, तो कहते थे आ जाना औटो लेकर, पैट्रोल  भी तो उतने ही रूपये का लगेगा।

 

बालपन की स्मृतियाँ

५०-५५ वर्ष पुरानी स्‍म़ृतियां मानस-पटल पर उभर कर आ गईं।

उसे चोरी कहते ही नहीं जो पकड़ी जाये। हम तो इतने होशियार थे कि कभी चोरी पकड़ी ही नहीं गई।

सस्‍ते का युग था। बाज़ार से छोटा-मोटा सामान हम बहनें ही लाया करती थीं। एक से पांच रूपये तक में न जाने कितना सामान आ जाता था। दस-बीस पैसे तो अक्‍सर मैं छुपा ही लिया करती थी। अब छुपायें तो छुपायें कहां। प्रवेश द्वार के बाद बरामदा था और उसमें पुस्‍तकों की अलमारियां थीं, वहां मैंने एक पुस्‍तक उपर के खाने में निर्धारित कर ली थी जिसके उपर मैं वह पैसे रख देती थी, और स्‍कूल जाते समय चुपके निकाल लेती थी। आप सोचेंगे, उन पांच-दस पैसों का क्‍या करते होंगे, दस पैसे के बीस गोलगप्‍पे आते थे और पांच पैसे का चूरण, गोलियां, अथवा दो-तीन नाशपाती, खट्टा (गलगल) आदि।

स्‍कूल तो पैदल ही आते-जाते थे, एक घंटे का रास्‍ता था। अब घर से स्‍कूल तो कोई पहुंचने से रहा। वह युग पी.टी.एम. वाला युग भी नहीं था कि कोई सच-झूठ का पता लगा पाता।  स्‍कूल से फूलों के पौधे बहुत चुराया करती थी। घर के बाहर बड़ा सा मैदान था, उसमें क्‍यारियां बनाकर लगाते थे। मां पूछती थी कहां से लाये, कह देते थे स्‍कूल से माली  से ले लिए। और राह-भर में पेड़ों से तोड़-तोड़कर अलूचे, पलम, कैंथ खुरमानी तो बहुत खाये हैं, उस खट्टे-मीठे स्‍वाद का तो कहना ही क्‍या।

आज नहीं सोच पाते कि उस समय जो किया वह सही था अथवा गलत, किन्‍तु जो था यही सत्‍य था, आज प्रकट कर अच्‍छा लगा।

 

ग्रह तो ग्रह ही होते हैं

 

यह घटना वर्ष २००९ की है।

यह आलेख एक सत्‍य घटना पर आधारित है।  मेरे अतिरिक्‍त किसी भी व्‍यक्ति  से इसका कोई सम्‍बन्‍ध नहीं है।

//*/*/*/*/*/*/*/*//*//*//*//*//*//*//

ठीक –ठाक थे मेरे पति। वायु सेना में। मंगल, शनि, संक्रांति, श्राद्ध, नवरात्रि सब एक समान। न मंदिर, न पूजा-पाठ, न कोई पंडित-पुजारियों के चक्‍कर,  मुझे और क्‍या चाहिए था। मैं तो वैसे ही जन्‍म से पूरी नास्तिक । मन निश्चिंत हुआ। 

किन्‍तु समय बदलते या कहूं ग्रहों के बिगड़ते देर नहीं लगती। मेरे साथ भी ऐसा ही कुछ होने वाला था। पन्‍द्रह वर्ष के कार्यकाल के बाद वायुसेना से सेवानिवृत्‍त हुए और व्‍यवसाय में आ गये। अब जब वातावरण, पर्यावरण परिवर्तित हुआ तो कुछ और भी बदल जायेगा ऐसा तो मैंने सोचा ही नहीं था। किन्‍तु ऐसा ही हुआ।

हादसा

समय ठीक नहीं है, तब चलता है। किन्‍तु कोई कहे ग्रह ठीक नहीं हैं, तब डर लगता है। ग्रह कैसे भी हों मुझे पंडित-पुजारी, ज्‍योतिषियों, पूजा-पाठ, मन्दिर, दान वगैरह की याद नहीं सताती। एक तो वैसे ही समस्‍याएं होती हैं, दूसरी ओर पंडित-ज्‍योतिषियों का  परामर्श शुल्‍क, उनके अपने-अपने विभाग के भगवानों के लिए विशेष प्रावधान, उनके विभागीय उपायों की विशेष सामग्री, और न जाने क्‍या–क्‍या। इससे आगे इनकी सांठ-गांठ नग-मोती बेचने वालों के साथ भी रहती है। और जब इस तरह का सिलसिला एक बार चल निकलता है तो उसे रोकना बड़ा कठिन होता है। इसलिए जब कोई कहता है कि आपके ग्रह आजकल ठीक नहीं हैं, कुछ उपाय कीजिए, तो मैं मुंह ढककर सो जाती हूं। (इसे बस एक मुहावरा ही मानकर चलिए)

किन्‍तु तात्‍कालिक चिन्‍ता का विषय यह था कि मेरे पति अनायास ही धार्मिक प्रवृत्ति के होने लगे और मैं आतंकित। ग्रहों की चिन्‍ता में वे प्राय: पंडित-ज्‍योतिषियों के पास जाने लगे। अब जब घर में एक आतंकवादी हो तो प्रभावित और दण्डित तो सारा परिवार होगा ही। कुछ ऐसा ही हमारे परिवार में होने जा रहा था।

अब पति महोदय एक ज्‍योतिषि से ग्रहों की दुर्दशा के उपाय पूछकर आये। अधिकांश पूजा-पाठ, दान आदि तो उनके अपने कर्म-क्षेत्र में आये, कुछ पुत्र के हिस्‍से, किन्‍तु एक ऐसा कार्य था जिसके लिए पण्डि‍त महोदय का सख्‍त निर्देश था कि यह कार्य पत्‍नी द्वारा करने पर ही सुफल मिलेगा।

अ‍ब परिवार की भलाई के लिए कभी न कभी और कहीं न कहीं तो परिवार-पति के समक्ष आत्‍मसमर्पण करना ही पड़ता है, हमने भी कर दिया। उपाय था : कुल 108 दिन तक प्रतिदिन बिना नागा सुन्‍दर काण्‍ड का पाठ। पाठ में आदरणीय पण्डित जी ने यह सुविधा दी थी कि चाहे दोहे-चौपाईयां पढे़ं अथवा हिन्‍दी अनुवाद, फल समान मात्रा में मिलेगा । किन्‍तु व्‍यवधान नहीं आना चाहिए, अथवा पुन: एक से गिनती करनी होगी।

 अब मैं दुविधा-ग्रस्‍त थी। सुन्‍दरकाण्‍ड का ऐसा क्‍या प्रभाव है कि जो समस्‍याएं पिछले पच्‍चीस वर्षों में हमारे कठोर परिश्रम, कर्त्‍तव्‍य-निष्‍ठा, सत्‍य-कर्म और अपनी बुद्धि के अनुसार सब कुछ उचित करने पर भी दूर नहीं हुईं, इस सुन्‍दर-काण्‍ड का 108 बार जाप करने पर दूर हो जायेंगी। किन्‍तु मुझे तर्क का अधिकार नहीं था अब। बस करना था। इस काण्‍ड का अध्‍ययन एम. ए. में अंकों के लिए किया था अब ग्रहों को ठीक करने के लिए करना होगा। तब दोहे, चौपाईयां , भाषा-शैली, अलंकार, आदि की ओर ही ध्‍यान जाता था, इसका एक रूप यह भी है, ज्ञात ही नहीं था। कोई तर्क-बुद्धि नहीं थी कि कथानक में  क्‍यों, कैसे, किसलिए, इसके बारे में कभी सोचा ही नहीं।  बस अंक मिलें, इतनी-सी ही छोटी सोच थी। किन्‍तु अब जब बुद्धि आतंकवादी हो चुकी है तब कुछ भी पढ़ते समय साहित्यिक अथवा धार्मिक विचार उपजते ही नहीं, बम और बारूद ही दिखाई देने लगते हैं। मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ।

कोई बात नहीं, मैंने सोचा, 108 दिन तक सास-बहू के धारावाहिक नहीं देखेंगे, कर लेते हैं पाठ।

संक्षेप में मुझे जो कथा समझ आई वह इस प्रकार है:

 

जब पहली बार सुन्दरकांड का पाठ आरम्भ किया तो ज्ञात हुआ कि तुलसीदास  ने ‘काण्ड’ षब्द का प्रयोग बिल्कुल ठीक किया है। यह कांड हनुमान की लंका यात्रा की कथा पर आधारित है। हनुमान राम के दूत बनकर लंका की ओर सीता को ढूंढने के लिए निकले। मार्ग में अनेक बाधाएं आईं किन्तु क्योंकि वे राम के दूत थे इसलिए सब बाधाओं से पार पा लिया। कभी चार सौ योजन के बन गये तो कभी मच्छर  के समान। लंका में प्रवेष किया। विभीषण से मुलाकात हुई। सीता का एड्र्ेस लिया। सीता को राम के आई-डी प्रूफ़ के रूप में अंगूठी दी। बगीचा उजाड़ा। ब्रम्हास्त्र से बंधकर रावण के दरबार में पहुंचे। राम का गुणगान किया। रावण ने दंडस्वरूप उनकी पंूछ में घी, तेल और कपड़ा बंधवाकर आग लगवाई जिसमें लंका का संपूर्ण घी, तेल और कपड़ा समाप्त हो गया। ;पढ़ते-पढ़ते मेरा ध्यान भटक गया कि इसके बाद बेचारे लंकावासियों ने इन वस्तुओं को कैसे और कहां से प्राप्त किया होगा क्योंकि बीच में तो समुद्र था और आगे राम की सेना खड़ी थी, मैंने इस विषय को भविष्य में कभी षोध कार्य करने के लिए छोड़ दियाद्ध विभीषण का घर छोड़कर हनुमान ने सम्पूर्ण लंका जला डाली। फिर समुद्र में पूंछ बुझाई, सीता से उनके आई डी प्रूफ के रूप में उनकी चूड़ामणि ली और राम के पास लौट आये।

कथा के दूसरे हिस्से में लंका में प्रवेष की योजनाएं, राम की सेना के बल और संख्या का वर्णन आदि, रावण के छद्म दूतों को पकड़ना, उनके हाथ लक्ष्मण द्वारा पत्र भेजना, रावण का उसे पढ़ना, समुद्र पर बांध की तैयारी आदि कथाएं हैं।

इन दो कथाओं के बीच एक तीसरी व मेरी दृष्टि में मुख्य कथा है जिससे मेैं विचलित हूं और जिसका समाधान ढूंढ रही हूं ओैर वह हैै: लंका का राजा कौन? मेरे प्रष्न करते ही तीनों लोकों, चारों दिषाओं से एक ही उत्तर आया: ‘रावण’। मैंने पुनः पूछा: तो विभीषण कौन? तीनों लोकों और चारों दिषाओं से पुनः उत्तर आया: अरे, मूर्ख बालिके, इतना भी नहीं जानती ! विभीषण अर्थात ‘घर का भेदी लंका ढाए’। इतना सुनते ही मैं भगवान रामजी की आस्था के प्रति चिन्तित हो उठी।

विभीषण बड़े सदाचारी थे और सदैव राम का ही ध्यान करते थे। तुलसीदास ने लिखा है कि विभीषण ने रावण को समझाने का बड़ा प्रयास किया किन्तु उसके द्वारा अनादृत होने पर वे अपने साथियों के साथ लंका छोड़कर राम की षरण में आ गए। तुलसीदास ने लिखा है कि विभीषण हर्षित होकर मन में अनेक मनोरथ लेकर राम के पास चले। अब वे मनोरथ क्या थे तुलसी जानें या  विभीषण स्वयं।

तुलसी ने बार-बार यह भी लिखा है कि राम सब की दीनता से बहुत प्रसन्न होते थे। वैसे ही राम विभीषण के दीन वचनों और दण्डवत् से बहुत प्रसन्न हुए। सो राम ने विभीषण को लंकापति और लंकेष कहकर संबोधित किया। अब दोनों एक-दूसरे का स्तुति गान करके परस्पर न्योछावर होने लगे। इसका परिणाम यह हुआ कि राम ने समुद्र्र के जल द्वारा विभीषण का लंका के राजा के रूप में अभिषेक किया और उसे अखंड राज्य दिया। षिवजी ने जो सम्पत्ति रावण को दस सिरों की बलि देने पर दी थी, राम ने वह सब सम्पत्ति विभीषण को दी। मेरे मन में आषंका यह कि राम ने रावण के जीवित रहते हुए किस अधिकार से विभीषण को लंका का राजा घोषित किया और यह सम्पत्ति राम के पास कहां से और कैसे आई। क्योंकि राम तो अयोध्या से सर्वस्व त्याग कर आये थे, कंद-मूल खा रहे थे, कुषा पर सोते थे, वानरों के संग रहते थे, सीता को ढूंढने के लिए वन-वन की ठोकरें खा रहे थे, वानरों-भालुओं की सहायता ले रहे थे। फिर मान लीजिए उन्होंने दे भी दी तो विभीषण ने रखी कहां - इस बात की चर्चा इस ‘कांड’ में कहीं नहीं हैं। किन्तु मेरे मन में इससे भी बड़ी व्यथा उपजी है जो मुझे निरन्तर कचोट रही है, वह यह कि जिस विभीषण को भगवान श्रीरामजी ने लंका का राजा बनाया, उन्हें अखंड राज्य सौंपा, रामजी के इस प्रताप की चर्चा  कभी भी कहीं भी नहीं होती। उसके बाद लंका पर विजय प्राप्त करके राम ने पुनः विभीषण को लंका का राजा बनाया, उसके बाद विभीषण का क्या हुआ किसी को भी पता नहीं। जो भी कहता है वह यही कहता है कि लंका का राजा रावण। और विभीषण घर का भेदी लंका ढाए। इस कांड के अध्ययन के उपरान्त मैं सबसे कहती हूं कि लंका का राजा विभीषण तो सब मेरा उपहास करते हैं। कृपया मेरी सहायता कीजिए। किन्तु मुझे अपनी चिन्ता नहीं है। चिन्ता है तो रामजी की। उनकी ख्याति एवं प्रतिष्ठा की कि जिन्हें उन्होंने लंका का राजा बनाया उसका सब उपहास करते हैं और जिसका उन्होने वध किया उसे सब सोने की लंका का राजा कहते हैं । हे रामजी ! आपकी  प्रतिष्ठा प्रतिस्थापित करने के लिए मैं क्या करुं ? सोचती हूं एक सौ आठ बार सुन्दर कांड ही पढ़ डालूं। ष्षायद इससे ही आपका कुछ भला हो जाए !और इसी कांड में ‘ढोल, गंवार, षूद्र, पषु, नारी, ये सब ताड़न के अधिकारी’ पंक्तियां भी हैं इन्हें भी मैं 108 बार पढ़ूंगी। अभी तो पाठ करते मात्र 13 ही दिन बीते हैं। श्रीरामजी ही जानें कि मेरा क्या होगा ?

 

हमारी हिन्दी तुम्हारी हिन्दी

 

आज हम सब हिन्दी-हिन्दी की बात कर रहे हैं। किन्तु वास्तव में हिन्दी की स्थिति क्या है
आज हम कहने लगे हैं कि हिन्दी की स्थिति सुधरने लगी है। अधिकाधिक लोग आज हिन्दी में लिखने एवं बोलने लगे हैं। सोशल मीडिया पर हिन्दी छाई हुई है। संचार माध्यमों पर हिन्दी भाषा का साम्राज्य है। किन्तु क्या मात्र इतने से ही हिन्दी की स्थिति अच्छी मान लेनी चाहिए ?
मेरी दृष्टि में आज हिन्दी भाषा का स्तर दिन प्रति दिन गिरता जा रहा है। वास्तविकता यह कि हिन्दी की दुर्दशा के लिए हिन्दी भाषी ही उत्तरदायी हैं। हिन्दी भाषा और  हिन्दी साहित्य से सीधे जुड़े लोग ही हिन्दी की उपेक्षा कर रहे हैं। हम हर बात के लिए सरकार को दोष देते हैं। सरकारी स्तर पर हिन्दी विभाग, हिन्दी समितियां, संस्थान आदि बनाये गये हैं। यहां कार्यरत लोग हिन्दी के नाम से ही अपना जीवन यापन कर रहे हैं। किन्तु क्या कभी, हमने इन समितियों की कार्यविधि पर कोई आवाज उठाई है? ये समितियां हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए कोई कार्य नहीं करतीं। इनका हिन्दी के प्रति क्या दायित्व है? हिन्दी के विकास-प्रचार के नाम पर वर्ष भर में कुछ कवि सम्मेलन, एक लघु पत्रिका का प्रकाशन जिसमें अपनी अथवा अपनों की ही रचनाएं प्रकाशित होती हैं, ढेर सारा मानदेय, कुछ विमोचन समारोह, अनुदान, छात्रवृत्तियां, शोध वृत्तियां आदि। इस सब पर लाखों रूपये व्यय किये जाते हैं। इन संस्थानों में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी कुछ ही वर्षों में एक प्रतिष्ठित साहित्यकार बन जाता है और  यहां तक कि उनकी रचनाएं पाठ्य पुस्तकों में भी दिखाई देने लगती हैं।
हिन्दी भाषी एवं हिन्दी साहित्यकार हिन्दी प्रचार प्रसार से नहीं जुड़ते। हिन्दी के भ्रष्ट उच्चारण, प्रयोग का विरोध नहीं करते। शब्द, प्रयोग, व्याकरण की चिन्ता नहीं करते। 
किसी भी हिन्दी समाचार-पत्र को उठा लीजिए, पचास प्रतिशत से भी अधिक देवनागरी में अंग्रेज़ी शब्द लिखे मिलेंगे। ये समाचार पत्र वास्तव में हिन्दी के माध्यम से अंग्रेज़ी के ही प्रचार-प्रसार में लगे हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात:
शिक्षा से हिन्दी गायब हो रही है। हिन्दी का साहित्येतिहास कहीं खो रहा है। जो थोड़ी-बहुत हिन्दी पढ़ाई भी जा रही है वहां मानक हिन्दी का स्वरूप समाप्त होता जा रहा है। आज विद्यालयों में कौन सी हिन्दी पढ़ाई जा रही है इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। निजी प्रकाशक अपनी-अपनी हिन्दी परोस रहे हैं। भाषा, विषय-वस्तु , शब्द प्रयोग, व्याकरण की जांच करने वाला कोई नहीं है। आप प्राथमिक शिक्षा से लेकर दसवी शिक्षा तक की किसी भी पुस्तक का अध्ययन कर लें भाषिक, व्याकरणिक एवं शाब्दिक त्रुटियों की कोई सीमा नहीं। वर्णमाला का एक नया ही रूप यहां मिलता है। वर्णानुसार अनुस्वरों का प्रयोग अब कोई नहीं जानता। वर्णानुसार अनुस्वरों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है और   ही उनके बारे में आज के विद्यार्थियों को कोई भी ज्ञान है। केवल बिन्दी का प्रयोग किया जाता है। लेखन और  उच्चारण का सम्बन्ध टूट गया है। संयुक्ताक्षर भी वर्णमाला में नहीं पढ़ाए जाते। इनके स्थान पर हलन्त का प्रयाेग ही किया जा रहा है, द्व, द्य, द्ध आदि संयुक्ताक्षर रूप अब गायब हो चुके हैं। द्ध के स्थान पर का ही प्रयोग होने लगा है। विद्यालयों में हिन्दी और  संस्कृत के शिक्षकों में अन्तर नहीं किया जाता। जो संस्कृत जानते हैं वे हिन्दी तो पढ़ा ही लेंगे। निजी विद्यालयों में हिन्दी बोलने पर दण्डित किया जाता है। दसवीं के बाद हिन्दी का विकल्प प्राय: समाप्त हो चुका है।
हिन्दी भाषा को ठेस पहुंचाने वाला एक अन्य महत्वपूर्ण कारण है हिन्दी के साथकठिनकी उपाधि। सरल, बोलचाल की हिन्दी के नाम पर हिन्दी के सार्थक शब्दों को हम भूलते जा रहे हैं। अर्थवान शाब्दिक सौन्दर्य, व्याकरणिक महत्व का ह्रास हो रहा है। प्रादेशिक भाषाओं को बढ़ावा देने के नाम पर भी हिन्दी का ह्रास हो रहा है। 
विश्व की किसी भी भाषा में सरलता के नाम पर अन्य भाषाओं की घुसपैठ नहीं होती। इसमें हमारे संचार माध्यमों का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वाभाविक रूप से कोई भी भाषा स्वयंमेव ही नवीन शब्दों, प्रयोग को ग्रहण करती है। किन्तु आरोपण भाषा की शक्ति का ह्रास करता है। हम शुद्ध हिन्दी बोलते डरते हैं कि ये तो बहुत हिन्दी वाले हैं। एक पिछड़ेपन का एहसास कराता है  
आज तक कम्प्यूटर पर कार्य करने के लिए हिन्दी को एक मानक स्वरूप प्राप्त नहीं हुआ है। फेसबुक पर लिखने के लिए अलग तरह से टंकण करना पड़ता है और  जब हम सीधे कम्प्यूटर में वर्ड फाईल में फांट में लिखते हैं तो मात्राओं आदि को अलग प्रकार से लिखना पड़ता है।

 

शुभकामना संदेश

आज मन उदास है। उदास नहीं, कहते हैं न कि आज मन बहुत खराब है।

क्या किसी को शुभकामना संदेश भेजने से मन खराब हो सकता है ? हाँ , हो सकता है। मेरा हुआ। एक नहीं दो-दो बार।

और शुभकामना संदेश भी साधारण नहीं, जन्मदिन की शुभकामनाएँ। जन्मदिवस का एक सुन्दर-सा संदेश भेजने पर मेरा मन दो बार बहुत खराब हुआ और मुझे शर्मिन्दगी महसूस हुई। है न एक बहुत ही अजीब बात। किन्तु मेरे साथ ऐसा ही हुआ।

मेरे फ़ेसबुक की सूची के अनुसार मेरे 2600 से अधिक मित्र हैं और 644 विचाराधीन सूची में हैं। अब फ़ेसबुक कहती है कि मेरे इतने मित्र हैं तो अपना अहोभाग्य। किन्तु मेरे परिचय में और निकट कितने हैं यह तो मैं भी नहीं जानती। लगभग 100 तो मेरे पुराने सहकर्मी, कुछ कवि-लेखक और अन्य, जिन्होंने मुझे मित्र के रूप में चुना और कुछ को मैंने उन्हें मित्र के रूप में चुना।

किन्तु आज सोचने के लिए विवश हुई कि वास्वत में मित्र कितने हैं। व्यक्तिगत सम्पर्क किसी से नहीं, वार्तालाप, बातचीत शायद किसी से नहीं। लेखक-कवियों से केवल प्रतिक्रियाओं का आदान-प्रदान। वैसे भी मुझे मित्र बनाना और निभाना आता ही नहीं। जीवन में मित्रों का अभाव मैंने सदैव अनुभव किया है, एक टीस रही है मेरे भीतर।

विषयान्तर हो गया।

मैंने अपने इन परिचित-अपरिचित  फ़ेसबुक मित्रों के प्रति एक नियम बनाया है, वही नियम आज मेरा मन खराब कर गया। फ़ेसबुक प्रतिदिन एक सूची देता है मित्रों के शुभ जन्मदिन की। मैंने नियम बनाया है कि इन अपरिचित मित्रों को अवश्य ही जन्मदिवस की शुभकामना संदेश प्रेषित करूँ।पूरे वर्ष में एक बार ही सही, दो अच्छे वाक्यों का आदान-प्रदान। मैं यह मानकर चलती रही कि मेरा शुभकामना संदेश मेरे फ़ेसबुक मित्र को अच्छा ही लगेगा और उनकी ओर से मिलने वाले धन्यवाद से मेरा मन भी आह्लादित होता है।

किन्तु पिछले सप्ताह जब मैंने ऐसे ही एक मित्र को जन्मदिन की शुभकामना संदेश भेजा तब उनके पुत्र का उत्तर में विनम्र संदेश मिला कि इनका निधन हुए एक वर्ष बीत चुका है। मुझे बेहद बुरा लगा, न तो अफ़सोस करने लायक न उत्तर देने लायक रही मैं। फिर भी मैंने क्षमा माँगी और खेद जताया।

दो दिन पहले फिर ऐसा ही हुआ। किन्तु इस बार संदेश में थोड़ी-सी कटुता थी कि इनका तो निधन हो चुका है और आप जन्मदिन का संदेश भेज रही हैं। मैंने यहाँ भी क्षमा माँगी और खेद व्यक्त किया।

किन्तु मैंने पाया कि दोनों के ही फ़ेसबुक खाते चल रहे हैं।

अब जिनका निधन हो चुका है उनके खाते परिवार ने बन्द क्यों नहीं किये?

अब असमंजस में हूँ कि जन्मदिन के संदेश भेजना जारी रखूँ अथवा बन्द कर देने चाहिए, आप क्या परामर्श देते हैं,?

 

आज कुछ नया लिखा जाये

मन किया आज कुछ नया लिखा जाये। किन्तु रोज़-रोज़ नया कहाँ से लायें? तो क्या करें ? मंच-मंच घूमें, रचनाएँ पढ़ें और कुछ नया निकाल लायें और तब लिखें। और नया कैसे लिखें कि नकल का आरोप भी न लगे, ऐसा लिखें आगे बताते हैं आपको।

पहले कुछ और बात।

पता नहीं क्यों पिछले कुछ दिनों से फ़ेसबुकिया साहित्य के क्षेत्र में मुझे अपना-आप महत्वपूर्ण लगने लगा है। आप पूछेंगे क्यों? इधर कुछ दिनों से अत्याधिक निमन्त्रण मिलने लगे हैं समूहों से जुड़ने के लिए। जब समूह की जांच करती तो बड़े-बड़े कवि-साहित्यकार वहाँ दिखते, अन्तर्राष्ट्रीय स्तर से नीचे की तो बात ही नहीं रही अब। ज़ूम पर कवि-सम्मेलन, विदेशी कवि-कवियत्रियाँ, मुँह में पानी आ जाता था लालच से। आह! इतने बड़े प्रतिष्ठित कवि अपने मंच से मुझे जोड़ रहे हैं, अवसर के नये द्वार खुल रहे हैं और  कुछ तो मेरे लेखन में भी बात होगी, तभी तो उन्होंने मुझे चुना।

हमने भी झट से ऐसे कितने ही मंचों को अपनी स्वीकृति दे दी। और उसके बाद? मैसेंजर में झड़ी लग गई संदेशों की। बड़े-बड़े पोस्टर, महान-महान कवि-कवियत्रियाँ, वीडियो, फ़ोटो और न जाने कितनी तरह के संदेश। यहाँ तक कि व्हाट्सएप में भी समूह बनाकर जोड़ लिया जाता है और दस-बीस नहीं सैंकड़ों संदेश यानी कविताएं, विचार पढ़ने के लिए परोस दिये जाते हैं कि मोबाईल टंगने लगता है। किन्तु अपनी इतनी पाचन-शक्ति कहाँ! और हम! मुँह बाये खड़े। कौन पूछता है हमें। मंच पर रचना पोस्ट करो तो महीना-महीना अप्रूव नहीं होती। हमारी वाॅल पर तो क्या आना, रचनाओं पर कभी एक लाईक तक के लिए तरसते हैं नैन। और दूसरी ओर दस-बीस टैगिंग की मार झेलती हमारी वाॅल।  मैं तो चकित हूँ कि लोग इतनी टैगिंग कर कैसे लेते हैं। मैंने एक बार अपनी वैबसाईट के लिए टैंगिंग का प्रयास किया था मात्र 49 की अनुमति दी फ़ेसबुक ने और मुझे तीन घंटे लग गये। किन्तु इन कवियों को तो महारत है दिन की दस-दस रचनाएँ और 99 टैगिंग और मैसेंजर, व्हाट्सएप में भी संदेश। सत्य में ही ये महानुभाव चरण-रज के योग्य हैं किन्तु अपनी तो वह भी औकात नहीं।

एक बार तो मन किया कि इस आलेख में उन सबको टैग करूं जिनके कारण मेरा मोबाईल टंगने लगता है, फिर सोचा छोड़ो रे, जी लें अपनी ज़िन्दगी।

अब आईये नयी रचनाओं के सृजन पर। रचनाओं की चोरी की बात तो बहुत पुरानी हो गई, आपको एक नया ढंग बताते हैं। इस हेतु एक नवीन अनुसंधान आपके समक्ष रखती हूँ, बस आपमें थोड़ी योग्यता होनी चाहिए।

किसी की रचना से विषय उठाईये, कविता को गज़ल बनाईये, गज़ल को गीत, गीत को मुक्तछन्द, मुक्तछन्द को छन्दबद्ध, आलेख को कथा, कथा को लघु कथा और सृजन के जितने प्रकार हैं, किसी में भी अपनी ‘‘नवीन’’ रचनाओं का सृजन कीजिए। मज़ाल है कि कोई आप पर चोरी का आरोप लगा सके। पात्रों के नाम, स्थान तो आप बदल ही लेंगे बस बन गई नई रचना। एक और तरीका है पर्यायवाची शब्दों के प्रयोग का। जैसे आकाश को व्योम, धरा को भूमि, पवन को हवा, सूरज को रवि, आप समझ गये न मेरा मंतव्य।

क्यों कैसा लगा आपको मेरा परामर्श?

मुझे धन्यवाद अवश्य दें।

 

जैसे ऐसे और कैसे रिश्ते

हमारे पारिवारिक-सामाजिक सम्बन्धों में एक शब्द बहुत महत्व रखता है –“जैसा”,जैसे”,“समान” क्या आपका किन्हीं सम्बन्धों के बीच इन शब्दों का सामना हुआ है।

सीधे-सीधे अपने मन की बात कहती हूं।

किसी ने मुझसे पूछा “क्या यह आपकी बेटी है?”

मैंने कहा “जी नहीं, मेरी बहू है।“

उन्होंने मुझे कुछ तिरस्कार, कुछ उपेक्षा भरी दृष्टि से देखा और बोले, बहू भी तो बेटी-समान ही होती है। क्या आप अपनी बहू को “बेटी-जैसी” नहीं मानते

मैंने कहा ,नहीं, मैं अपनी बहू को, बेटी “जैसी” नहीं मानती। बहू ही मानती हूं

उनके लिए एवं समाज के लिए मेरा यह उत्तर पर्याप्त नकारात्मक है।

मेरे इस कथन पर मुझे बहुत उपदेश मिले, तिरस्कार-पूर्ण भाव मिले, और मुझे समझाया गया कि सास-बहू में आज इसीलिए इतनी खटपट होती है क्योंकि सासें बहुंओं को अपनाती ही नहीं।

मैंने अपना स्पष्टीकरण देने का प्रयास किया कि मैंने अपनाया है अपनी बहू को बहू के रूप में, बहू के अधिकार के रूप में , उसकी जो ‘‘पोस्ट’’ है उसी पर। इसी सम्बन्ध को बनाये रखने में हमारी गरिमा है, किन्तु प्रायः मेरा उत्तर किसी की समझ में नहीं आता। घर में कहते हैं तू क्यों सबसे पंगा लेती है, कहने दे जो कोई कहता है। मेरा प्रश्न है कि हर क्षेत्र के सम्बन्धों की अपनी गरिमा, रूप होता है, उस पर अन्य सम्बन्ध क्यों थोपे जाते हैं ? हम पारिवारिक–सामाजिक सम्बन्धों में यह “जैसा”, “समान” जैसे शब्दों का प्रयोग क्यों करने लगे हैं। जो सम्बन्ध हैं, उनको उसी रूप में सम्मान क्यों नहीं दे पाते।

मैं कार्यरत हूं। अनेक बार कोई सहकर्मी कह देता है “आप तो मेरी मां जैसी हैं।“ कोई कहता है आप तो हमारी बड़ी बहन जैसी हैं, किसी का वाक्य होता है : “मैं तो आपके बेटे जैसा हूं।“

मैं कहती हूं “नहीं, आप केवल मेरे सहकर्मी हैं।“

मेरा यह उत्तर नकारात्मक ही नहीं हास्यास्पद भी होता है।

हम अपने बच्चों को कहते हैं: भाभी को मां समान समझना, देवर को बेटे समान मानना। सास-ससुर की माता-पिता समान सेवा करना। एक महिला अपने ढाई वर्ष के बेटे को पड़ोस की दो वर्ष की बच्ची के लिए कह रही है, बेटा यह तेरी दीदी है। लेकिन साली को बहन समान समझना यह मैंने कभी नहीं सुना।

और सबसे बड़ी बात: बेटी को बेटा जैसा मानें। जहां तक मेरी समझ कहती है इसका अभिप्राय यह कि बेटे और बेटी के अधिकार समान रहें। तो मैंने कभी किसी को यह कहते नहीं सुना कि बेटे को बेटी जैसा मानें, जब समानता की बात करनी है तो दोनों ओर से की जा सकती है, अर्थात हम कहीं तो भेद-भाव लेकर चल ही रहे हैं।

हम वे ही रिश्ते क्यों न मानें, जो वास्तव में हैं, उन्हीं सम्बन्धों में पूर्ण सम्मान दें, अधिकार एवं अपनत्व दें, तो क्या सम्बन्धों में ज़्यादा गहराई, ज़्यादा अपनत्व, ज़्यादा विश्वास का भाव नहीं उपजेगा।

क्या सामाजिक –पारिवारिक सम्बन्धों को लेकर हमारे मन में कोई डर, कोई खौफ़ है जो हम हर सम्बन्ध पर एक लबादा ओढ़ाने में लगे हैं, अथवा परत-दर-परत चढ़ाने में लगे हैं।

लोग कहते हैं कि हम सम्बन्धों का नाम देकर सम्मान-भाव प्रदर्शित करते हैं। मेरा प्रश्र होता है कि जो सम्बन्ध वास्तव में है, उस पर कोई और सम्बन्ध लादकर क्या हम वास्तविक सम्बन्धों का अपमान नहीं कर रहे।

 

अपना तो वोट देना ही बेकार चला गया

अपना तो वोट देना ही बेकार चला गया।

हमारे साथ तो पता नहीं क्यों ऐसा अन्याय होता है अक्सर।

अब देखिए, मैं प्रातः काल सात बजे से टी.वी. देख रही थी। हर शहर में , हर मतदान केन्द्र पर टी. वी. के संवाददाता खड़े थे। वोट देने वालों का साक्षात्कार ले रहे थे।

 उनसे पूछ रहे थे

‘‘आपको कैसा लग रहा है वोट देकर’

‘‘आपने किस मुद्दे को लेकर वोट दिया है’’

एक बेचारे व्हील चेयर पर आये थे। उन्हें न तो सुनाई दे रहा था न ही दिखाई। किन्तु हमारी तो ड्यूटी है उनसे पूछना। सो उनके मुंह में माईक घुसा कर हम पूछ रहे थे

‘‘ आप देखिए व्हील चेयर पर वोट देने आये हैं कैसा लग रहा है आपको’’

वे हकबकाये से कभी माईक को देखें और कभी अपने आस-पास खड़े लोगों को।

एक ‘‘बड़ा व्यक्ति’’ अपने घर से पैदल ही वोट देने आ गया। जब तक हमें अच्छे से याद नहीं हो गया कि फलां व्यक्ति अपने घर से पैदल ही वोट देने आया है, संवाददाता हमें याद कराते रहे।

वे ढूंढ-ढूंढकर वृद्ध, बैसाखी वाले लोगों को, व्हील चेयर वाले मतदाताओं को ढूंढ रहे थे , सब कवर हो गये टी. वी. पर।

अन्त में वे कुछ आम लोगों के बीच भी अपना माईक लेकर आ गये।

‘‘आप सुबह-सुबह सात बजे ही यहां आ गये हैं? ’’

जी हां

तो वोट देने आये हैं

जी हां

अच्छा तो क्या सोचकर वोट देने आये हैं

जी, वोट देनी है यही सोच कर आये हैं

पर कुछ तो मुद्दे होंगे जिनको सोचकर आप वोट दे रहे हैं

जी हां, बेरोजगारी मंहगाई वगैरह , वे आखिर में हारकर बोल दिये।

बाद में ज्ञात हुआ कि वे एक बहुत बड़ी पोस्ट पर सरकारी नौकरी में हैं किन्तु उनके लिए बेरोज़गारी कैसे मुद्दा है समझ नहीं आया।

 

हमारा अन्तर्मन भी प्रसन्न हुआ। जल्दी-जल्दी तैयार हुई अच्छे से। मतदान केन्द्र जा रही हूं मत देने, वहां टी. वी. वाले खड़े होंगे, हमारा साक्षात्कार लेंगे। मुद्दे तैयार किये।

पैदल ही गये। पर वहां तो कोई न था।

मत तो देना ही था, यद्यपि मतदान में ही मत शब्द है फिर भी दे दिया। अपना तो आज वोट देना ही बेकार चला गया। हमारे साथ तो पता नहीं ऐसा अन्याय क्यों होता है अक्सर।

 

एक और कथा बताना और भी ज्यादा जरूरी है।

हम अपने परिचितों में प्रायः बात करते हैं इस बार वोट किसे। हमारे एक मित्र बोले मैं तो मोदी को ही अपना वोट दूंगा। क्यों आप राहुल को दे रही हैं क्या या फिर केजरीवाल को।

मैंने कहा , ये दोनों ही हमारे क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। किन्तु मोदी जी तो प्रधानमंत्री हैं वे विधान सभा के लिए आपके क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं क्या?

मेरी ऐसी बातों पर सब बहुत नाराज़ हो जाते हैं। मित्र बोले, फालतू में बात खींचती हो, मतलब भाजपा को वोट देगें।

मैं सिरे की ढीठ। फिर पूछ लिया चलिए अच्छी बात है भाजपा को देंगे, प्रत्याशी तो होगा कोई जिसे वोट देंगें।

अब वे उखड़ गये, इससे क्या ।

क्यों नहीं? काम तो प्रत्याशी ही करेगा, न तो भाजपा करेगी, न ही मोदी जी।

जब कुछ पता नहीं तो बोलती क्यों हो, कहकर वे चिढ़कर उठकर चले गये।

सरकार और मीडिया कहते हैं जनता जागृत हो रही है। जी हां, जनता जागृत हो रही है, जागरण करती है,  दस रूपये चढ़ाती है, प्रसाद लेती है, उन दस रूपयों में पूरा परिवार खाना खाता है और घर जाकर सो जाता है। फिर सुबह उठकर कहता है , मुझे नहीं पता क्या कहता है, और यदि कुछ कहता भी है तो मुझे क्या लेना, कहता रहे, जिसे जो कहना है।

जो मुद्दे कल थे , वे ही आज हैं और कल भी वे ही रहेंगे, कुछ हेर-फ़ेर के साथ क्योंकि हम जागरण करते हैं जागृत नहीं हो रहे।

 

 

 

आज का रावण

 

हमारे शास्त्रों में, ग्रंथों में जो कथाएं सिद्ध हैं, आम जन तक पहुंचते-पहुंचते बहुत बदल जाती हैं। सत्य-असत्य से अलग हो जाती हैं। हमारी अधिकांश कथाओं के आधार और परिणाम वरदान और श्राप पर आधारित हैं।

प्राचीन ग्रंथों एवं रामायण में वर्णित कथानक के अनुसार रावण एक परम शिव भक्त, उद्भट राजनीतिज्ञ, महापराक्रमी योद्धा, अत्यन्त बलशाली, शास्त्रों का प्रखर ज्ञाता, प्रकाण्ड विद्वान पंडित एवं महाज्ञानी था। रावण के शासन काल में लंका का वैभव अपने चरम पर था इसलिये उसकी लंकानगरी को सोने की लंका कहा जाता है।

हिन्दू ज्योतिषशास्त्र में रावण संहिता को एक बहुत महत्वपूर्ण पुस्तक माना जाता है और इसकी रचना रावण ने की थी।

   रावण ने राम के लिए उस पुल के लिए यज्ञ किया, जिसे पारकर राम की सेना लंका पहुंच सकती थी, यह जानते हुए भी रावण ने राम के निमन्त्रण को स्वीकार किया और अपना कर्म किया।

 

 रावण अपने समय का सबसे बड़ा विद्वान माना जाता है और रामायण के अनुसार जब रावण मृत्यु शय्या पर था तब राम ने लक्ष्मण को रावण से शिक्षा ग्रहण करने का आदेश दिया था और रावण ने यहां भी अपना कर्म किया था।

   निःसंदेह हमारी धार्मिकता, आस्था, विश्वास, चरित्र आदि विविध गुणों के कारण राम का चरित्र सर्वोपरि है। रावण रामायण का एक केंद्रीय प्रतिचरित्र है। रावण लंका का राजा था। रामकथा में रावण ऐसा पात्र है, जो राम के उज्ज्वल चरित्र को उभारने का काम करता है।

रावण राक्षस कुल का था, अतः उसकी वृत्ति भी राक्षसी ही थी। यही स्थिति शूर्पनखा की भी थी। उसने प्रेम निवेदन किया, विवाह-प्रस्ताव किया जिसे   राम एवं लक्ष्मण ने अस्वीकार किया। इस अस्वीकार का कारण सीता को मानते हुए शूर्पनखा ने सीता को हानि पहुंचाने का प्रयास किया, इस कारण लक्ष्मण ने शूर्पनखा को आहत किया, उसकी नाक काट दी।

रावण ने घटना को जानकर अपनी बहन का प्रतिशोध लेने के लिए सीता का अपहरण किया, किन्तु उसे किसी भी तरह की कोई हानि नहीं पहुंचाई। रावण अपनी पराजय भी जानता था किन्तु फिर भी उसने बहन के सम्मान के लिए अपने हठ को नहीं छोड़ा।

   समय के साथ एवं साहित्येतिहास में कुछ प्रतीक रूढ़ हो जाते हैं, और फिर वे ही उसकी अर्थाभिव्यक्ति बन कर रह जाते हैं। बुराई पर अच्छाई की विजय के रूप में यह कथा रूढ़ हुई और रावण के गुणों पर उसका  कृत्य हावी हुआ। किसी भी समाज के उत्थान के लिए इससे अच्छी बात कोई नहीं कि अच्छाई का प्रचार हो, हमारे भीतर उसका समावेश हो, और हम उस परम्परा को आगे बढ़ाएं। राम-कथा हमें यही सिखाती है। किन्तु गुण-अवगुण दोनों में एक संतुलन बना रहे, यह हमारा कर्तव्य है।

बात करते हैं आज के रावण की।

आज के दुराचारियों अथवा कहें दुष्कर्मियों को रावण कह कर सम्बोधित किया जा रहा है। वर्तमान समाज के अपराधियों को, महिलाओं पर अत्याचार करने वाले युवकों को रावण कहने का औचित्य। क्या सत्य में ही दोनों के अपराध समान हैं । यदि अपराध समान हैं तो परिणाम क्यों नहीं समान हैं?

किन्तु आज कहां है रावण ?

आज रावण नहीं है। यदि रावण है तो राम भी होने चाहिए। किन्तु राम भी तो नहीं है।

 

आज वे उच्छृंखल युवक हैं जो निडर भाव से अपराधों में लिप्त हैं। वे जानते हैं वे अपने हर अपकृत्य से बच निकलेंगे। समाज एवं परम्पराओं के भय से पीड़ित अपनी व्यथा प्रकट नहीं करेगा, और यदि कर भी देगा तब भी परिवार से तो संरक्षण मिलेगा ही, अपने दांव-पेंच से कानून से भी बच निकलेंगे।

रावण शब्द का प्रयोग बुराई के प्रतीक के रूप में किया जाता है। उस युग में तो राम थे, रावण रूपी बुराई का अन्त करने के लिए। आज हम उस रावण का पुतला जलाने के लिए तो तैयार बैठे रहते हैं वर्ष भर। आज हमने बुराई का प्रतीक रावण तो बना लिया किन्तु उसके समापन के लिए राम कौन-कौन बनेगा?

 

   यदि हम रावण शब्द का प्रयोग बुराई के प्रतीक के रूप में करते हैं तो इस बुराई को दूर करने के उपाय अथवा साधन भी सोचने चाहिए। बेरोजगारी, अशिक्षा, पिछड़ापन, रूढ़ियों के रावण विशाल हैं। लड़कियों में डर का रावण और युवकों में छूट का रावण हावी है।

जिस दिन हम इससे विपरीत मानसिकता का विकास करने में सफल हो गये, उस दिन हम रावण की बात करना छोड़ देंगे। अर्थात् किसी के भी मन में अपराध का इतना बड़ा डर हो कि वह इस राह पर कदम ही न बढ़ा पाये और जिसके प्रति अपराध होते हैं वे इतने निडर हों कि अपराधी वृत्ति का व्यक्ति आंख उठाकर देख भी न पाये।

यदि फिर भी अपराध हों,  तो हम जिस प्रकार आज राम को स्मरण कर अच्छाई की बात करते हैं, वैसे ही सत्य का समर्थन करने का साहस करें और जैसे आज रावण को एक दुराचारी के रूप में स्मरण करते हैं वैसे ही अपराधी के प्रति व्यवहार करें, तब सम्भव है कोई परिवर्तन दिखाई दे, और आज का रावण लुप्त हो।

 

हिंदी दिवस की आवश्यकता क्यों

 

14 सितम्बर 1949 को हिन्दी को संविधान में राष्ट््रभाषा के रूप में मान्यता दी गई और हम इस दिन हिन्दी दिवस मनाने लगे। क्यों मनाते हैं हम हिन्दी दिवस? हिन्दी के लिए क्या करते हैं हम इस दिन? कितना चिन्तन होता है इस दिन हिन्दी के बारे में। हिन्दी के प्रचार-प्रसार पर सरकारी, गैर सरकारी हिन्दी संस्थाएं कितनी योजनाएं बनती हैं? अखिल भारतीय स्तर के हिन्दी संस्थान हिन्दी की स्थिति पर क्या चिन्तन करते हैं? क्या कभी इस बात पर किसी भी स्तर पर चिन्तन किया जाता है कि वर्तमान में हिन्दी की देश में स्थिति क्या है और भविष्य के लिए क्या योजना होना चाहिए? शिक्षा में हिन्दी का क्या स्तर है, क्या इस बात पर कभी चर्चा होती है?

इन सभी प्रश्नों के उत्तर नहीं में हैं।

प्रत्येक कार्यालय में हिन्दी दिवस मनाया जाता है। भाषण-प्रतियोगिताएं, लेखन प्रतियोगिताएं, कवि-सम्मेलन, कुछ सम्मान और पुरस्कार, और अन्त में समोसा, चाय, गुलाबजामुन के साथ हिन्दी दिवस सम्पन्न।  तो इसलिए मनाते हैं हम हिन्दी दिवस।

नाम हिन्दी में लिख लिए, नामपट्ट हिन्दी में लगा लिए, जैसे छोटे-छोटे प्रचारात्मक प्रयासों से हिन्दी का क्या होगा?

हम चाहते हैं कि हिन्दी का प्रचार-प्रसार हो, हिन्दी शिक्षा का माध्यम बने, किन्तु क्या हम कोई प्रयास करते हैं? क्या आज तक किसी संस्था ने हिन्दी दिवस के दिन सरकार को कोई ज्ञापन दिया है कि हिन्दी को देश में किस तरह से लागू किया जाना चाहिए। हिन्दी संस्थानों का कार्य केवल हिन्दी की कुछ तथाकथित पत्र-पत्रिकाएं प्रकाशित करना, पुरस्कार बांटना और कुछ छात्रवृत्तियां देने तक ही सीमित है। हां, हिन्दी सरल होनी चाहिए, दूसरी भाषाओं के शब्दों को हिन्दी में लिया जाना चाहिए, हिन्दी बोलचाल की भाषा बननी चाहिए, अंग्रेज़ी का विरोध किया जाना चाहिए, बस हमारी इतनी ही सोच है।

वर्तमान में भारतीय भाषा वैभिन्नय एवं वैश्विक स्तर से यदि देखें तो हिन्दी में] हिन्दी माध्यम में एवं प्रत्येक विधा, ज्ञान का अध्ययन असम्भव प्रायः है, यह बात हमें ईमानदारी से मान लेनी चाहिए। हिन्दी को अपना स्थान चाहिए न कि अन्य भाषाओं का विरोध।

आज हिन्दी वर्णमाला का कोई एक मानक रूप नहीं दिखाई देता। दसवीं कक्षा तक विवशता से हिन्दी पढ़ाई और पढ़ी जाती है। किन्तु यदि हिन्दी विषय को, भाषा, साहित्य, इतिहास को प्रत्येक स्तर पर अनिवार्य कर दिया जाये तब हिन्दी को सम्भवतः उसका स्थान मिल सकता है। उच्च शिक्षा के प्रत्येक स्तर पर हिन्दी की एक परीक्षा, अध्ययन अनिवार्य होना चाहिए, हिन्दी साहित्येतिहास, अनिवार्य कर दिया जाये, तब हिन्दी की स्थिति में सुधार आ सकता है।

आज हम बच्चों के लिए अपनी संस्कृति,परम्पराओं की बात करते हैं। यदि हम हिन्दी पढ़ते हैं तब हम अपनी संस्कृति, सभ्यता, प्राचीन साहित्य, कलाओं, परम्पराओं , सभी का अध्ययन कर सकते हैं। और इसके लिए एक बड़े अभियान की आवश्यकता है न कि हम यह सोच कर प्रसन्न हो लें कि अब तो फ़ेसबुक पर भी सब हिन्दी लिखते हैं।

अतः किसी एक दिन हिन्दी दिवस मनाने की आवश्यकता नहीं है, दीर्घकालीन योजना की आवश्यकता है।

कवियत्रियों की मारक पुकार

आज मेरा मन गद्गद् है। मेरा मन कभी भी इतनी देशीय, देश-भक्त नहीं हुआ जितना कल रात हुआ।

रात के 11 बजे यह हादसा हुआ।

अब कोई मुझसे पूछे कि इतनी रात मैं फ़ेसबुक पर क्या कर रही थी।

वही कर रही थी जो आप सब करते हैं। किन्तु आजकल किसी भी समय फ़ेसबुक पर जाईये आॅन लाईन काव्य पाठ सुनने को मिल जायेगा और जब मिलेगा तो सुनना भी चाहिए, इस आशा में कि शायद कभी मुझे भी इस मंच से काव्य पाठ का अवसर मिल जाये, इसी आशा में सुनना पड़ता है।

अब सीधे-सीधे मुद्दे की बात करती हूं।

 रात्रि 11 बजे एक महान कवियत्री आॅन लाइन काव्य पाठ के माध्यम से चीन को सीधे-सीधे चेतावनी दे  रही थी, ललकार रही थी, पुकार रही थी, चिल्ला-चिल्लाकर कह रही थी, अरे बाहर निकल, तुझे तो मैं देख लूंगी। उनकी हुंकार से बड़े-बड़े डर जाते, चीन की तो बात ही क्या। तू बाहर निकल कर तो दिखा, इधर नज़र उठाकर तो दिखा। इस देश की अनेक वीरांगनाओं को भी उन्होंने निमन्त्रण दिया। मुझे पहली बार ज्ञात हुआ कि मेरा देश इतनी वीरांगनाओं से प्लावित और ग्रसित है। मेरा तो ज्ञान ही अल्प मात्रा में है, मुझे तो बस एक झांसी की रानी का ही नाम स्मरण था, किन्तु उनका ज्ञान अद्भुत था। वे तो पता नहीं कितनी ही वीरांगनाओं को बुलाकर मंच पर ले आईं। यहां तक कि पद्मिनी जिसने जौहर किया था, उसे भी तलवार के साथ बुला लिया और पांच सौ और महिलाओं को भी आग से बाहर निकाल कर अपने साथ सेना बना ली, आओ, चीन वालो, तुम्हें तो हम ही देख लेंगे। अब रात्रि 11 बजे का समय था, मुझे डर  लगने लगा , नींद के झोंके भी थे। किन्तु बीच-बीच में मुझे द्रौपदी, कुंती, राधा, मीरा, उर्वशी  तक के भी नाम सुनाई दिये। मैंने जल्दी से पी सी बन्द किया, एक चादर ली और मुंह ढककर सोने का प्रयास करने लगी, कि कवियत्री महोदया ने आॅन-लाईन में मेरा नाम पढ़ लिया होगा, कहीं मुझे न पुकार ले।  इस महोदया को तीन लोग सुन रहे थे, जिनमें एक मैं थी।

किन्तु जाने से पहले एक और बात बताना चाहूंगी कि मैंने सुना है कि इधर सीमाओं पर कवियत्रियों की नियुक्ति की जाने वाली है, कवि सम्मेलन आयोजित किये जाने की बात चल रही है, वे सीमाओं पर अपनी ओजपूर्ण, दहाड़पूर्ण, ललकारपूर्ण, हुंकारपूर्ण कविताएं सुनाएंगी, वे भी गा-गाकर, चीनी सेना तो यूं ही भाग लेगी।

 

सोचती हूं कुछ दिन के लिए कविताएं लिखना बन्द कर दूं।

किस शती में जी रहे हैं हम

एक छात्रा के साथ हुई मेरी बातचीत, आपके समक्ष शब्दशः प्रस्तुत

******************-****************-***

जैसा कि आप जानते हैं मैं एक विद्यालय में कार्यरत हूं। एक छात्रा 12 वीं का प्रमाणपत्र लेने के लिए आई तो मैंने देखा] उसकी फ़ाईल में पासपोर्ट है। मैंने उत्सुकतावश पूछा, उच्च शिक्षा के लिए कहां जा रही हा,े और कौन से क्षेत्र में।

उसका उत्तर थाः चीन, एम. बी. बी. एस, एम. डी और एक और डिग्री बताई उसने, कि दस वर्ष की शैक्षणिक अवधि है। मैं चकित।

चीन? क्यों कोई और देश नहीं मिला, क्योंकि इससे पूर्व मैं नहीं जानती थी कि उच्च शिक्षा के लिए हमारे देश के विद्यार्थी चीन को भी चुन रहे हैं।

चीन ही क्यों? उसका सरल सा उत्तर था कि वहां पढ़ाई बहुत सस्ती है, विश्व के प्रत्येक देश से सस्ती। मात्र तीस लाख में पूरा कोर्स होगा।

मात्र तीस लाख उसने ऐसे कहा जैसे हम बचपन में तीन पैसे फीस दिया करते थे। अच्छा मात्र तीस लाख?

भारत में इसकी फीस कितनी है ?

उसने अर्द्धसरकारी एवं निजी संस्थानों की जो फीस बताई वह सुनकर अभी भी मेरी नींद उड़ी हुई है। उसका कथन था कि पंजाब में साधारण से मैडिकल कालेज की फीस भी लगभग डेढ़ करोड़ तक चली जाती है। मुझे लगा मैं ही अभी अट्ठाहरवीं शताब्दी की प्राणी हूं।

वह स्वयं भी कही आहत थी। उसने आगे जानकारी दी।

दो बहनें। एक का विवाह पिछले ही वर्ष हुआ जो कि आई टी सी में कार्यरत थी, किन्तु ससुराल वालों के कहने पर विवाह-पूर्व ही नौकरी छोड़ दी। किन्तु यह वादा किया कि विवाह के बाद उसी शहर में कोई और नौकरी करना चाहे तो कर लेगी। किन्तु जब उसका बैंक में चयन हो गया तो उसे नौकरी की अनुमति नहीं दी जा रही कि घर में किस बात की कमी है जो नौकरी करनी है। इतना उसके विवाह पर खर्च हुआ फिर भी खुश नहीं हैं।

कितना ?

60 लाख।

तो तुम्हारी शादी के लिए भी है?

हां है।

और तुम डाक्टर बन कर लौटी और तुम्हें भी काम नहीं करने दिया गया तो?

वह निरूत्तर थी।

मैंने उससे खुलकर एक प्रश्न किया कि जब तुम्हारी जाति में इतना दहेज लिया जाता है, तो बाहर विवाह क्यों नहीं हो सकते।

नहीं परिवार के सम्मान की बात है। जाति से बाहर विवाह नहीं कर सकते। प्रेम&विवाह भी नहीं , समाज में परिवार का मान नहीं रहता। परिवार बहिष्कृत हो जाते हैं।

करवाचौथ का व्रत

करवाचौथ का व्रत फिर आ गया। मेरे शहर की क्याए शायद मेरे देश की सारी महिलाएं इस दिन व्रती हो जाती हैं। वैसे तो भारतीय पत्नियों का हर दिन ही पतियों के लिए होता है किन्तु यह दिन बिल्कुल भूखा रहकर पतियों के लिए होता है। रात्रि को छाननी में से पहले चांद को देखकरए  फिर पति को देखकर ही भोजन मिलता है। वैसे मुझे चांद और पति में आज तक कोई भी समानता समझ नहीं आई।  इस व्रत के लिए महिलाओं को कुछ गहन.वहनेए साड़ी.वाड़ीए मेंहदी वगैरह और शारीरिक डैकोरेशन के कुछ अन्य सामान के साथ ढेर सारे ताने.वाने भी मिलते हैं। 
वास्तव में हर पत्नी को एक अदद पति चाहिए होता है जोकि उसके पास होता है अथवा जिसके होने के लिए वे अग्रिम किश्त की तरह करवाचौथ का व्रत रखना शुरु कर देती हैं। करवाचैथ के व्रत की पहली मांग यह रहती है कि यह पति उनके साथ सात जन्मों का बन्धन बनाये रखेगा। अर्थात सात जन्मों का कान्ट्रैक्ट जो महिलाएं शादी के सात फेरों और सात वचनों के द्वारा करती हैंए उसके रिन्यूयल का यह एक आधिकारिक दस्तावेज होता है और इसी कान्ट्रैक्ट के रिन्यूअल के लिए महिलाओं को हर वर्ष करवाचौथ का व्रत रखना पड़ता है। और  यह रिन्यूअल ष्ष्जो हैए जैसा हैए जहां है और जिस स्थिति में हैष्ष् के रूप में होती है। उसे बदला नहीं जा सकता। इसी पति को हर जन्म में अथवा सात जन्मों में बनाये रखने के लिए सात फेरे लिए जाते हैंए सात वचन बांधे जाते हैं और फिर उन पर पक्का स्टैम्प लगाने के लिए करवाचैथ का व्रत किया जाता है। फिर करवाचैथ का व्रत रखना इसलिए भी जरूरी है कि इस जन्म में तो माता.पिता ने पता नहीं कैसे जुगाड़ करके एक पति ढूंढ दिया था अब हर जन्म में कहां ढूंढते फिरेंगे। इस कलियुग में बड़ी मुश्किल से एक तो पति मिलता है। 
प्राचीन काल में तो पति थोड़ी.सी वस्तुओं के जुगाड़ से ही मिल जाता था। एक हीरो साईकिलए एचण् एमण् टीण् की घड़ीए टाई पिन के साथ टाईए थ्री.पीस सूटए चमचमाते चमड़े के जूतेए वीण्आईण्पीण्का ब्रीफकेस मोटी.सी अंगूठी के साथ जब कोई युवक घर से बाहर निकलता था तो वैसे ही पहचान लिया जाता था कि कि यह नवविवाहित है जैसे युवतियों की भरी मांग और चूड़े से पता लग जाता है। और बस एक टीन की पेटी जिसमें 36 पीस का स्टील का डिनर सैट और घर.गृहस्थी का थोड़ा.सा सामानए बस मिल गया पति। लेकिन साईकिल कब स्कूटर में बदलीए फिर बाईक और कार में और टीन की पेटी कब सोने से मढ़ी जाने लगी पता ही नहीं लगा।
फिर पति जब भी घर से बाहर निकलता है महिलाओं को एक ही चिन्ता सताई रहती है पता नहीं घर का रास्ता ही न भूल गया हो। करवाचैथ का व्रत रखने से एक यह सन्तोष बना रहता है कि इस आदमी के साथ जब मैंने सात जन्मों के लिए  भगवान से  कान्ट्रैक्ट कांउटर.साईन करवा लिया है तो लौट कर तो इसे आना ही पड़ेगाए जायेगा कहां ! फिर महिलाओं के लिए तो पति की मांग बनी ही रहती है। अब हर जन्म में माता.पिता कहां जायेंगे नया पति ढूंढनेए सो इसी को रिन्यू करवा लो। अब इतने वर्ष साथ रहकर वैसे भी ष्ष्जो हैए जैसा हैए जहां हैष्ष् की आदत तो हो ही चुकी है। सो अगले सात जन्मों में इतनी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
किन्तु समस्या यह कि ये महिलाएं इतना भी नहीं समझतीं कि यह कान्ट्रैक्ट एकतरफा होता है। अगर महिलाओं को कानून की थोड़ी.सी भी जानकारी होती तो वे यह जान जातीं कि कोई भी कान्ट्रैक्ट कभी भी एकतरफा होने पर किसी भी न्यायालय में मान्य नहीं होता। फिर भी महिलाएं न जानें किस भ्रम में वर्ष.दर.वर्ष इस कान्ट्रैक्ट को एकतरफा रिन्यू कर.करके प्रसन्न होती रहती हैं।  

महिलाओं को भी समझना चाहिए कि यह आधुनिक युग है। बाजार में नई.नई मांग और पूर्ति उपलब्ध है। एक मांगने जाओ तो एक के साथ एक क्या चार.चार ए पांच.पांच फ्री  गिफ्टस देने को तैयार बैठै मिलते हैं। शेष आपकी बारगेनिंग पॅावर पर निर्भर करता है। नये से नये प्रोडक्ट हैं। नई टैक्नोलोजी है। बीसियों कम्पनियां हैं। नैट पर सर्च कीजिए। कितने ही गिफ्ट अफर्स हैं। और नवरात्रों से लेकर दीपावली तक आ रहे निरन्तर पर्वों के बीच तो दुकानदार एक दम नई से नई स्कीम्ज घोषित करते रहते हैं। एक्सचेंज आफर्ज हैं। पुराना दे जाईए नया ले जाइए। ब्याज.रहित आसान मासिक किश्तों में ले जाइए।  दस दिन तक अथवा एक महीने तक प्रयोग कीजिएए पसन्द न आने पर बदल कर दूसरा माॅडल ले जा सकते हैं  अथवा कीमत वापिस। पांच साल की गारंटी। ग्यारह साल की वारंटी। पार्ट्स बदलने की गारंटी अलग। किराये पर भी उपलब्ध हैं। एक लाओए दो लाओए बीस लाओए बदल.बदल कर लाओ। और अगर पसन्द आ जाये तो पूरा भुगतान करके नियमित भी किया जा सकता है। इतनी सारी सुविधाएं हैं और इतने सारे आप्शंजए फिर भी पता नहीं ये महिलाएं उसी पुराने प्रोडक्ट को लेकर सात जन्मों तक क्या करेंगी। एक बार प्रयास तो कीजिएए अगर नये पर मन न ही माने तो पुराना प्रोडक्ट कहीं भागा तो नहीं जा रहा। उसी से गुजारा कर लेंगे। पर एक बार कोशिश करना तो हमारा धर्म है। 

 

निंदक नियरे राखिये

निंदक नियरे राखिये आँगन कुटी छवाय 
बिन पानी साबुन बिना निर्मल होत सुभाय ..

उक्त दोहे की सप्रसंग व्याख्या

******************

यह बात सम्भवत: पन्द्रहवीं-सोहलवीं शती की है जब हमें निन्दक की तलाश हुआ करती थी। उस काल में निन्दक की नियुक्ति के क्या नियम थे नहीं ज्ञात। कहा जाता है कि राजा लोग अपने दरबार में निन्दक नियुक्त करते होंगे।  आम जनता कहां निन्दक रख पाती होगी।

विचारणीय यह कि उस काल में वर्तमान की भांति रोज़गार कार्यालय नहीं हुआ करते थे। समाचार पत्र, दूरभाष, मोबाईल भी नहीं थे कि विज्ञापन दिया, अथवा एक नम्बर घुमाया और  साक्षात्कार के लिये बुला लिया। फिर कैसे निन्दक नियरे रखते होंगे, कैसे ढूंढते होंगे एक अच्छा निन्दक, यही अनुसंधान का विषय है। कोई डिग्रीकोर्स का भी युग नहीं था फिर निन्दक के लिए क्या और  कैसे मानदण्ड निर्धारित किये जाते होंगे। लिखित परीक्षा होती होगी अथवा केवल साक्षात्कार ही लिया जाता होगा। चिन्तित हूं, सोच-सोचकर इस सबके बारे में जबसे उक्त दोहा पढ़ा है।

किन्तु यह बात तथ्यपूर्वक कही जा सकती है कि यह दोहा मध्यकाल का नहीं है। कपोल-कल्पित कथाओं के अनुसार इस दोहे को मध्यकाल के भक्ति काल के किन्हीं कबीर दास द्वारा रचित दोहा बताया गया है। वैज्ञानिक एवं गहन अनुसंधान द्वारा यह तथ्य प्रमाणित है कि भक्ति काल में साबुन का आविष्कार नहीं हुआ था। और  यदि था तो कौन सा साबुन बिना पानी के प्रयोग किया जाता होगा। 

अब इसे वर्तमान परिप्रेक्ष्य में देखते हैं।

आधुनिक काल में इस पद की कोई आवश्यकता ही नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर एक सजग निन्दक है, जिसे पानी, साबुन की भी आवश्यकता नहीं है। एक ढूंढो, हज़ार मिलते हैं।

इसी अवसर पर हम अपने भीतर झांकते हैं।

निष्कर्ष :

इस कारण यह दोहा प्राचीन एवं अवार्चीन दोनों ही कालों में अर्थहीन, महत्वहीन है।

आदरणीय गणेश जी,सादर प्रणाम !

आपसे मन की बात कहना चाहती हूं। वैसे तो बहुत से भगवान हैं, शायद 33 करोड़, या उससे भी अधिक, किन्तु आजकल गणेश-चतुर्थी की धूम है, आप घर-घर पधारे हैं, इसलिए अपने मन की दुविधा आपके ही साथ बांटना चाहती हूं।

हमारे देश में पिछले कुछ वर्षों से भगवानों की महिमा बहुत बढ़ गई है। आप भी उनमें से एक हैं।

मेरे न्यूनतम् ज्ञान के अनुसार  1893 के पहले गणपति उत्सव केवल घरों तक ही सीमित था  श्री बाल गंगाधर तिलक ने 1893 में अंग्रेजों के विरूद्ध भारतीयों को  स्वाधीनता संग्राम से जोड़ने के लिए महाराष्ट्र में इस उत्सव को माध्यम बनाया था। इस कथा से मुझे यह ज्ञान प्राप्त हुआ कि आपने और  आपके उत्सव ने भी हमें स्वाधीन करवाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आपके एक उत्सव ने देश को स्वाधीनता की राह प्रदान की थी। नमन करती हूं आपको।  

एक अन्य कथा के अनुसार आपने सिंधु नामक दानव का वध करने के लिए मयूर को अपने वाहन के रूप में चुना था और  छ: भुजाओं वाला अवतार धारण किया था। इसी कारण गणपति बप्पा मोरया अगले  बरस तू जल्दी आ का जयकारा लगाया जाता है।

उस काल में आपके एक स्वरूप ने ही कितने बड़े कार्य कर दिये,  वर्तमान में भारत को स्‍वाधीन करने में अपना महत्‍त योगदान दिया, अब तो हर वर्ष आप लाखों-लाखों की संख्या में अवतरित होते हैं, आपको नहीं लगता कि अभी भी इस देश में आपके कुछ ऐसे रूपों की आवश्यकता है जो कुछ सकारात्मक परिवर्तन लेकर आयें।  देश भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जाति-पाति, घूसखोरी, छल-कपट, और न जाने कितनी ऐसी समस्‍याओं से जूझ रहा है जो देश को प्रगति के पथ पर बढ़ने से रोक रही हैं। जब आप हर वर्ष आते हैं, इन समस्याओं की ओर आपका ध्यान नहीं जाता ? दस दिन तक वेद-व्यास के  महाभारत की तरह कथा तो पूरी सुन लेते हैं फिर विसर्जित होकर चले जाते हैं।

यह मान्यता भी है कि वेद व्यास जी ने महाभारत की कथा भगवान गणेश जी को गणेश चतुर्थी से लेकर अनन्त चतुर्थी तक लगातार 10 दिन तक सुनाई थी। जब वेद व्यास जी ने कथा पूरी कर अपनी आंखें खोली तो उन्‍होंने देखा कि लगातार 10 दिन से कथा यानी ज्ञान की बातें सुनते-सुनते गणेश जी का तापमान बहुत ही अधिक बढा गया है, अत: उन्होंने आपको  कुंड में डुबकी लगवाई, जिससे आपके शरीर का तापमान कम हुआ।

इसलिए मान्‍यता ये है कि गणेश स्‍थापना के बाद से अगले 10 दिनों तक भगवान गणपति लोगों की इच्‍छाऐं सुन-सुनकर इतना गर्म हो जाते हैं, कि चतुर्दशी को बहते जल, तालाब या समुद्र में विसर्जित करके उन्‍हें फिर से शीतल यानी ठण्‍डा किया जाता है।

आपके नाम से जब कोई गोबर गणेश अथवा मिट्टी का माधो कहकर व्यंग्य करता है तो मुझे बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता। फिर अब तो आपके नाम से धर्म के नाम से कितना जल-प्रदूषण फैलाया जा रहा है, देख ही रहें होंगे आप !!

ओहो ! भूल हो गई गणेश जी। क्षमा !!

जब हमारा ही ध्यान नहीं है तो आपका ध्यान कैसे जायेगा। आह्वान  तो हमें करना होगा न अपने भीतर से, अपने भाव से, अपनी क्षमता से, तभी तो आपको ज्ञात होगा कि करना क्या है। और यह तो आप समझा नहीं सकते, हमें स्वयं ही समझना होगा।

किसी परिवर्तन के लिए दस दिन कम नहीं होते।

काश ! अगले वर्ष आपके आगमन एवं विसर्जन के बीच हम यह सब समझ सकें और एक सकारात्मक परिवर्तन की ओर अग्रसर हो सकें।

प्रणाम्

बाल-मजदूरी का एक श्रेष्ठि रूप

समाज, सरकार, समाजसेवी संस्थाएं बहुत चिन्तन-मनन करती हैं इस बाल-मजदूरी को रोकने के लिए। शिक्षा, रोटी की बड़ी-बड़ी बातें होती हैं इनके लिए। ढाबों, होटलों, बस-अड्डों, रेलवे-स्टेशन, घरों एवं ऐसे ही अनेक स्थानों पर कार्य करते छोटे-छोटे बच्चों को देखा जा सकता है। वे किसके बच्चे हैं, क्यों कार्य कर रहे हैं, वे किन अभावों में जीवन व्यतीत कर रहे हैं हम में से कोई नहीं जानता। लेकिन वे भीख नहीं मांगते, मेहनत करते हैं। शायद कोई भी माता-पिता अपने बच्चों को इस तरह के कामों में नहीं डालना चाहते होंगे जब तक कि सामाजिक-आर्थिक विवशता न हो। सम्भव है कुछ बच्चे किसी गिरोह के शिकार बन कर ऐसे कार्य करते हों।

किन्तु जब ऐसे बाल-मजदूरों को उनके काम से हटा दिया जाता है तब वे कैसे जीवन-यापन करते हैं, नहीं पता। क्या उनका पुर्नवास होता है, क्या वे शिक्षा प्राप्त करने लगते हैं, क्या उन्हें भरपेट भोजन मिलने लगता है, नहीं पता। हां, इतना तो हम जानते ही हैं कि जिन पुनर्वास संस्थानों में उन्हें रखा जाता है वहां भी उनसे काम ही लिया जाता है। अनाथालयों में भी इनका शोषण ही होता है।

यह बाल-मजदूरी का वह रूप है जिस पर खूब चर्चाएं, गोष्ठियां होती हैं, चिन्तन होता है और लिखा-पढ़ा जाता है।

किन्तु बाल-मजदूरी का एक श्रेष्ठि रूप भी है जिस पर कभी कोई बात, चर्चा, विरोध नहीं होता।

जो बच्चे फिल्मों, धारावाहिकों, विज्ञापनों, टी.वी. कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिनों, महीनों, सालों काम करते हैं क्या वह केवल कला है, अथवा बाल-मज़दूरी का दूसरा रूप ?यहां की चमक-दमक, प्रलोभन, नाम, प्रचार, आकर्षण में बांधते हैं, विशेषकर निर्धन परिवारों को। इन बाल- प्रतियोगिताओं में निर्धन परिवारों से आये बच्चों की बेचारगी का खूब प्रदर्शन और प्रचार होता है, टी.आर.पी. बढ़ती है। उनकी आर्थिक मदद का भी प्रचार होता है, बढ़िया खरीदारी करवाई जाती है, उनके घर की बदलती आर्थिक स्थिति का भी प्रदर्शन होता है।

 

लाखों में एक बच्चा तो आगे निकल जाता है किन्तु जो पिछड़ जाते हैं उनका क्या होता है, कौन जाने। बहुत पहले इन कार्यक्रमों में पराजित बच्चों की आत्महत्या के समाचार भी पढ़ने में आये थे। इन कार्यक्रमों में विजित बच्चों को इतना महिमा-मण्डित किया जाता है कि कोई भी आकर्षित हो जाये और पराजित बच्चे इतना निरादर अनुभव करते हैं कि वे और उनका परिवार इस तरह रोते-बिलखते हैं मानों कोई बड़ा हादसा हो गया हो। इस चकाचैंध से निकले बच्चे क्या लौटकर अपने सामान्य मध्यवर्गीय जीवन से जुड़ पाते हैं अथवा बिखर कर रह जाते हैं। दिन -प्रति-दिन यह कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं न रहकर, कला का मंच न रहकर, केवल धन ही नहीं विलासिता का रूप ले चुके हैं।

विश्वास-अविश्वास के बीच झूलता मन

कुछ समय पूर्व मेरी अपनी महिला सहकर्मी से चर्चा हुई फेसबुक मित्रों पर, जो मेरी फेसबुक मित्र भी है।

उसने बताया कि उसके फेसबुक मित्रों में केवल परिवार के अथवा पूर्व परिचित लोग ही हैं, कोई भी अपरिचित नहीं है जिसे उसने फेसबुक पर ही मित्र बनाया हो एवं अपरिचित हो।

मैंने बताया कि एक अपने पुत्र, उसके मित्र एवं कुछ महिला मित्रों के अतिरिक्त मेरी मित्र सूची में अधिकांश अपरिचित हैं जिन्हें मैंने फेसबुक पर ही मित्र बनाया है। अलग से उनसे तो कोई पारिवारिक, मैत्री सम्बन्ध है और   ही कोई पूर्व परिचय। एेसे ही कुछ समूहों की भी सदस्य हूं और  वहां भी कोई पूर्व परिचित नहीं है।

फिर मैंने और  जानने का प्रयास किया तो जाना कि अधिकांश महिलाओं की मित्र सूची में  परिवार के अथवा पूर्व परिचित लोग ही हैं। अर्थात वे अपने सामाजिक, पारिवारिक जीवन में, मोबाईल, वाट्स एप पर भी उनसे निरन्तर सम्पर्क में हैं और  वे ही फेसबुक पर भी हैं।

फिर फेसबुक पर उनके लिए नया क्या ?

क्या हमें सत्य ही इतना डर कर रहना चाहिए जितना डराया जाता है।

क्यों हम सदैव ही किसी अपरिचित को अविश्वास की दृष्टि से ही देखे ?

जीवन में यदि हम अपरिचितों की उपेक्षा, संदेह, दूरियां ही बनाये रखेंगे तो समाज कैसे चलेगा।

सचेत रहना अलग बात है, अकारण संदेह में रहना अलग बात।