हमारी हिन्दी तुम्हारी हिन्दी

 

आज हम सब हिन्दी-हिन्दी की बात कर रहे हैं। किन्तु वास्तव में हिन्दी की स्थिति क्या है
आज हम कहने लगे हैं कि हिन्दी की स्थिति सुधरने लगी है। अधिकाधिक लोग आज हिन्दी में लिखने एवं बोलने लगे हैं। सोशल मीडिया पर हिन्दी छाई हुई है। संचार माध्यमों पर हिन्दी भाषा का साम्राज्य है। किन्तु क्या मात्र इतने से ही हिन्दी की स्थिति अच्छी मान लेनी चाहिए ?
मेरी दृष्टि में आज हिन्दी भाषा का स्तर दिन प्रति दिन गिरता जा रहा है। वास्तविकता यह कि हिन्दी की दुर्दशा के लिए हिन्दी भाषी ही उत्तरदायी हैं। हिन्दी भाषा और  हिन्दी साहित्य से सीधे जुड़े लोग ही हिन्दी की उपेक्षा कर रहे हैं। हम हर बात के लिए सरकार को दोष देते हैं। सरकारी स्तर पर हिन्दी विभाग, हिन्दी समितियां, संस्थान आदि बनाये गये हैं। यहां कार्यरत लोग हिन्दी के नाम से ही अपना जीवन यापन कर रहे हैं। किन्तु क्या कभी, हमने इन समितियों की कार्यविधि पर कोई आवाज उठाई है? ये समितियां हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिए कोई कार्य नहीं करतीं। इनका हिन्दी के प्रति क्या दायित्व है? हिन्दी के विकास-प्रचार के नाम पर वर्ष भर में कुछ कवि सम्मेलन, एक लघु पत्रिका का प्रकाशन जिसमें अपनी अथवा अपनों की ही रचनाएं प्रकाशित होती हैं, ढेर सारा मानदेय, कुछ विमोचन समारोह, अनुदान, छात्रवृत्तियां, शोध वृत्तियां आदि। इस सब पर लाखों रूपये व्यय किये जाते हैं। इन संस्थानों में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी कुछ ही वर्षों में एक प्रतिष्ठित साहित्यकार बन जाता है और  यहां तक कि उनकी रचनाएं पाठ्य पुस्तकों में भी दिखाई देने लगती हैं।
हिन्दी भाषी एवं हिन्दी साहित्यकार हिन्दी प्रचार प्रसार से नहीं जुड़ते। हिन्दी के भ्रष्ट उच्चारण, प्रयोग का विरोध नहीं करते। शब्द, प्रयोग, व्याकरण की चिन्ता नहीं करते। 
किसी भी हिन्दी समाचार-पत्र को उठा लीजिए, पचास प्रतिशत से भी अधिक देवनागरी में अंग्रेज़ी शब्द लिखे मिलेंगे। ये समाचार पत्र वास्तव में हिन्दी के माध्यम से अंग्रेज़ी के ही प्रचार-प्रसार में लगे हैं।
सबसे महत्वपूर्ण बात:
शिक्षा से हिन्दी गायब हो रही है। हिन्दी का साहित्येतिहास कहीं खो रहा है। जो थोड़ी-बहुत हिन्दी पढ़ाई भी जा रही है वहां मानक हिन्दी का स्वरूप समाप्त होता जा रहा है। आज विद्यालयों में कौन सी हिन्दी पढ़ाई जा रही है इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। निजी प्रकाशक अपनी-अपनी हिन्दी परोस रहे हैं। भाषा, विषय-वस्तु , शब्द प्रयोग, व्याकरण की जांच करने वाला कोई नहीं है। आप प्राथमिक शिक्षा से लेकर दसवी शिक्षा तक की किसी भी पुस्तक का अध्ययन कर लें भाषिक, व्याकरणिक एवं शाब्दिक त्रुटियों की कोई सीमा नहीं। वर्णमाला का एक नया ही रूप यहां मिलता है। वर्णानुसार अनुस्वरों का प्रयोग अब कोई नहीं जानता। वर्णानुसार अनुस्वरों का प्रयोग नहीं किया जा रहा है और   ही उनके बारे में आज के विद्यार्थियों को कोई भी ज्ञान है। केवल बिन्दी का प्रयोग किया जाता है। लेखन और  उच्चारण का सम्बन्ध टूट गया है। संयुक्ताक्षर भी वर्णमाला में नहीं पढ़ाए जाते। इनके स्थान पर हलन्त का प्रयाेग ही किया जा रहा है, द्व, द्य, द्ध आदि संयुक्ताक्षर रूप अब गायब हो चुके हैं। द्ध के स्थान पर का ही प्रयोग होने लगा है। विद्यालयों में हिन्दी और  संस्कृत के शिक्षकों में अन्तर नहीं किया जाता। जो संस्कृत जानते हैं वे हिन्दी तो पढ़ा ही लेंगे। निजी विद्यालयों में हिन्दी बोलने पर दण्डित किया जाता है। दसवीं के बाद हिन्दी का विकल्प प्राय: समाप्त हो चुका है।
हिन्दी भाषा को ठेस पहुंचाने वाला एक अन्य महत्वपूर्ण कारण है हिन्दी के साथकठिनकी उपाधि। सरल, बोलचाल की हिन्दी के नाम पर हिन्दी के सार्थक शब्दों को हम भूलते जा रहे हैं। अर्थवान शाब्दिक सौन्दर्य, व्याकरणिक महत्व का ह्रास हो रहा है। प्रादेशिक भाषाओं को बढ़ावा देने के नाम पर भी हिन्दी का ह्रास हो रहा है। 
विश्व की किसी भी भाषा में सरलता के नाम पर अन्य भाषाओं की घुसपैठ नहीं होती। इसमें हमारे संचार माध्यमों का महत्वपूर्ण योगदान है। स्वाभाविक रूप से कोई भी भाषा स्वयंमेव ही नवीन शब्दों, प्रयोग को ग्रहण करती है। किन्तु आरोपण भाषा की शक्ति का ह्रास करता है। हम शुद्ध हिन्दी बोलते डरते हैं कि ये तो बहुत हिन्दी वाले हैं। एक पिछड़ेपन का एहसास कराता है  
आज तक कम्प्यूटर पर कार्य करने के लिए हिन्दी को एक मानक स्वरूप प्राप्त नहीं हुआ है। फेसबुक पर लिखने के लिए अलग तरह से टंकण करना पड़ता है और  जब हम सीधे कम्प्यूटर में वर्ड फाईल में फांट में लिखते हैं तो मात्राओं आदि को अलग प्रकार से लिखना पड़ता है।