समय ने करवट ली है

कभी समय था

जब एक छोटी सी चीख

हमारे अंत:करण को उद्वेलित कर जाती थी।

किसी पर अन्याय होता देख

रूह कांप जाती थी

उनके आंसू हमारे आंसू बन जाते थे

और उनके घाव

हमारे मन से रिसने लगते थे

औरों की किलकारी

हमारी दीपावली हुआ करती थी

और उनका मातम हमारा मुहरर्म।

 

एक आत्मा हुआ करती थी

जो पथभ्रष्ट होने पर हमें धिक्कारती थी

और समय समय पर सन्मार्ग दिखाती थी।

 

पर समय ने करवट ली है।

 

इधर कानों ने सुनना कम कर दिया है

और आंखों ने भी धोखा दे दिया है।

 

सुनने में आया है कि

हमारी आत्मा भी मर चुकी है।

 

इसे ही आधुनिक भाषा में

समय के साथ चलना कहते हैं।