मन बहक-बहक जाये

इन फूलों को देखकर

अकारण ही मन मुस्काए।

न जाने

किस की याद आये।

तब, यहां

गुनगुनाती थी चिड़ियां।

तितलियां पास आकर पूछती थीं,

क्यों मन ही मन शरमाये।

उलझी-उलझी सी डालियां,

मानों गलबहियां डाले,

फूलों की ओट में छुप जायें।

हवाओं का रूख भी

अजीब हुआ करता था,

फूलों संग लाड़ करती

शरारती-सी

महक-महक जाये।

खिली-खिली-सी धूप,

बादलों संग करती अठखेलियां,

न जाने क्या कह जाये।

झरते फूलों को

अंजुरि में समेट

मन बहक-बहक जाये।