भेड़-चाल की  बात

कभी आपने महसूस किया है

कि भीड़ होने के बावजूद

एक अकेलापन खलता है।

लोग समूहों में तो

दिखते हैं

किन्तु सूनापन खलता है।

कहा जाता था

झुंड पशुओं के होते हैं

और समूह इंसानों के।

किन्तु आजकल

दोनों ही नहीं दिखते।

सब अपने-अपने दड़बों में

बन्द होकर

एक-दूसरे को परख रहे हैं।

कभी भेड़ों के समूह के लिए

भेड़-चाल की

बहुत बात हुआ करती थी

जहाँ उनके साथ

सदैव

एक गड़रिया रहा करता था,

उनका मालिक,

और एक कुत्ता।

 भेड़ें तो

अपनी भेड़-चाल चलती रहती थीं

नासमझों की तरह।

गड़रिया

बस एक डण्डा लिए

हांकता रहता था उन्हें।

किन्तु कुत्ता !

घूमता रहता था

उनके चारों ओर

गीदड़ और सियार से

उनकी रक्षा के लिए।

 

अब

भेड़ों के समूह तो बिखर गये।

कुत्ते, सियार और गीदड़

मिलकर

नये-नये समूह बनाये घूम रहे हैं

आप दड़बों में बन्द रहिए

वे आपको समूह का महत्व समझा रहे हैं।