नया सूर्य उदित होगा ही

 

आजकल रोशनियां

डराने लगी हैं,

अंधेरे गहराने लगे हैं।

विपदाओं की कड़ी

लम्बी हो रही है।

इंसान से इंसान

डरने लगा है।

ख़ौफ़ भीतर तक

पसरने लगा है।

राहें पथरीली होने लगी हैं,

पहचान मिटने लगी है।

ज़िन्दगी

बेनाम दिखने लगी है।

 

पर कब चला है इस तरह जीवन।

कब तक चलेगा इस तरह जीवन।

 

जानते हैं हम,

बादल घिरते हैं

तो बरस कर छंटते भी हैं।

बिजली चमकती है

तो रोशनी भी देती है।

 

अंधेरों को

परखने का समय आ गया है।

ख़ौफ़ के साये को

तोड़ने का समय आ गया है।

जीवन बस डर से नहीं चलता,

आशाओं को फिर से

सहेजने का समय आ गया है।

नया सूर्य उदित होने को है,

हाथ बढ़ाओ ज़रा,

हाथ से हाथ मिलाओ ज़रा,

सबको अपना बनाने का

समय आ गया है।

नया सूर्य उदित होगा ही,

अपने लिए तो सब जीते हैं,

औरों के दुख को

अपना बनाने का समय आ गया है।