कौन है अपना कौन पराया कैसे जानें हम

अधिकार भी व्यापार हो गये हैं

तंग गलियों में हथियार हो गये हैं।

किसको मारें किसको काटें

कौन जलेगा, कहां मरेगा

अब क्या जानें हम।

अंधेरी राहों में भटक रहे हैं

अपने ही चेहरों से अनजाने हम।

दिन की भटकन छूट गई

रातें भीतर बिखर गईं

कौन है अपना कौन पराया

कैसे जानें हम।

अनजानी राहों पर

किसके पीछे

क्यों निकल पड़े हैं

 

इतना भी न जाने हम।

अपना ही घर फूंक रहे हैं,

राख में मोती ढूंढ रहे हैं,

श्मशानों में न घर बनते

इतना कब जानेंगे हम।