किसने रची विनाश की लीला

जल जीवन है, जल पावन है

जल सावन है, मनभावन है

जल तृप्ति है, जल पूजा है।

मन डरता है, जल प्लावन है।

कब सूखा होगा

कब होगी अति वृष्टि

मन उलझा है।

कब तरसें बूंद बूंद को

और कब

सागर ही सागर लहरायेगा,

उतर धरा पर आयेगा

मन डरता है।

किसने रची विनाश की लीला

किसने दोहा प्रकृति को,

कौन बतलायेगा।

जीवन बदला, शैली बदली

रहन सहन की भाषा बदली।

अब यह होना था, और होना है

कहने सुनने से क्या होगा।

आयेंगी और जायेंगी

ये विपदाएं।

बस इतना होना है

कि हम सबको

यहां] सदा

साथ साथ होना है।

घन बरसे या सागर उफ़न पड़े

हमें नहीं डरना है

बस इतना ही कहना है।