हम धीरे-धीरे मरने लगते हैं We just Start Dying Slowly

जब हम अपने मन से

जीना छोड़ देते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम

अपने मन की सुनना

बन्द कर देते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम अपने नासूर

कुरेद कर

दूसरों के जख़्म भरने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम अपने आंसुओं को

आंखों में सोखकर

दूसरों की मुस्कुराहट पर

खिलखिलाकर हँसते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम अपने सपनों को

भ्रम समझकर

दूसरों के सपने संजोने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम अपने सत्कर्मों को भूलकर

दूसरों के अपराधों का

गुणगान करने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम सवालों से घिरे

उत्तर देने से बचने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम सच्चाईयों से

टकराने की हिम्मत खो बैठते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

जब हम

औरों के झूठ का पुलिंदा लिए

उसे सत्य बनाने के लिए

घूमने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम कांटों में

सुगन्ध ढूंढने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम

दुनियादारी की कोशिश में

परायों को अपना समझने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम

विरोध की ताकत खो बैठते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम औरों के अपराध के लिए

अपने-आपको दोषी मानने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हमारी आँखें

दूसरों की आँखों से

देखने लगती हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हमारे कान

केवल वही सुनने लगते हैं

जो तुम सुनाना चाहते हो

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम केवल

इसलिए खुश रहने लगते हैं

कि कोई रुष्ट न हो जाये

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हमारी तर्कशक्ति

क्षीण होने लगती है

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हमारी विरोध की क्षमता

मरने लगती है

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम

नीम-करेले के रस को

शहद समझकर पीने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम

सपने देखने से डरने लगते हैं

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

जब हम

अकारण ही

हँसते- हँसते रोने लगते हैं

और हँसते-हँसते रोने

तब हम

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।

-

हम बस यूँ ही

धीरे-धीरे मरने लगते हैं।