Share Me
जबसे मुट्ठी रंगीन हुई हैं,
तब से भावना क्षीण हुई हैं।
बात करते इंसानियत की
पर इंसानियत
अब कहां मीत हुई है।
रंगों से पहचान रहे,
हम अपनों को
और परख रहे परायों को,
देखो यहां
इंसानियत गमगीन हुई है।
रंगों को बांधे मुट्ठी में
इनसे ही अब पहचान हुई है।
बाहर से कुछ और दिखें
भीतर रंगों में तकरार हुई है।
रंगों से मिलती रंगीनियां
ये पुरानी बात हुई है।
बन्द मुट्ठियों से अब मन डरता है
न जाने कहां क्या बात हुई है।
चल मुट्ठियों को खोलें
रंग बिखेरें,
तू मेरा रंग ले ले,
मैं तेरा रंग ले लूं
तब लगेगा, कोई बात हुई है।
Share Me
Write a comment
More Articles
रोशनी की परछाईयां भी राह दिखा जाती हैं
अजीब है इंसान का मन।
कभी गहरे सागर पार उतरता है।
कभी
आकाश की उंचाईयों को
नापता है।
ज़िन्दगी में अक्सर
रोशनी की परछाईयां भी
राह दिखा जाती हैं।
ज़रूरी नहीं
कि सीधे-सीधे
किरणों से टकराओ।
फिर सूरज डूबता है,
या चांद चमकता है,
कोई फ़र्क नहीं पड़ता।
ज़िन्दगी में,
कोई एक पल
तो ऐसा होता है,
जब सागर-तल
और गगन की उंचाईयों का
अन्तर मिट जाता है।
बस!
उस पल को पकड़ना,
और मुट्ठी में बांधना ही
ज़रा कठिन होता है।
*-*-*-*-*-*-*-*-*-
कविता सूद 1.10.2020
चित्र आधारित रचना
यह अनुपम सौन्दर्य
आकर्षित करता है,
एक लम्बी उड़ान के लिए।
रंगों में बहकता है
किसी के प्यार के लिए।
इन्द्रधनुष-सा रूप लेता है
सौन्दर्य के आख्यान के लिए।
तरू की विशालता
संवरती है बहार के लिए।
दूर-दूर तम फैला शून्य
समझाता है एक संवाद के लिए।
परिदृश्य से झांकती रोशनी
विश्वास देती है एक आस के लिए।
Share Me
काजल पोत रहे अंधे
अंधे के हाथ बटेर लगना,
अंधों में काना राजा,
आंख के अंधे नाम नयनसुख,
सुने थे कुछ ऐसे ही मुहावरे।
पर आज ज्ञात हुआ
यहां तो
काजल पोत रहे अंधे।
बड़ी असमंजस की स्थिति बन आई है।
क्यों काजल पोत रहे अंधे।
किसके चेहरे पर हाथ
साफ़ कर रहे ये बंदे।
काजल लगवाने के लिए
उजले मुख लेकर
कौन घूम रहे बंदे।
अंधे तो पहले ही हैं
और कालिमा लेकर
अब कर रहे कौन ये धंधे।
कालिमा लग जाने के बाद
कौन बतलायेगा,
कौन समझायेगा,
कैसे लगी, किसने लगाई।
किसके लगी, कहां से आई।
काजल की है, या कोयले की,
या कर्मोa की,
करेगा कौन निर्णय।
कहीं ऐसा तो नहीं
जो पोत रहे काजल,
सब हैं आंख से चंगे,
और हम ही बन रहे अंधे।
क्योंकि हम देखने से डरने लगे हैं।
समझने से कतराने लगे हैं।
सच बोलने से हटने लगे हैं।
अधिकार की बात करने से बचने लगे हैं।
किसी का साथ देने से कटने लगे हैं।
और
गांधी के तीन बन्दर बनने में लगे हैं ।
न देखो, न सुनो, न बोलो।
‘‘बुरा’’ तो गांधी जी के साथ ही चला गया।
Share Me
जल लेने जाते कुएँ-ताल
बाईसवीं सदी के
मुहाने पर खड़े हम,
चाँद पर जल ढूँढ लाये
पर इस धरा पर
अभी भी
कुएँ, बावड़ियों की बात
बड़े गुरूर से करते हैं
कितना सरल लगता है
कह देना
चली गोरी
ले गागर नीर भरन को।
रसपान करते हैं
महिलाओं के सौन्दर्य का
उनकी कमनीय चाल का
घट भरकर लातीं
प्रेमरस में भिगोती
सखियों संग मदमाती
कहीं पिया की आस
कहीं राधा की प्यास।
नहीं दिखती हमें
आकाश से बरसती आग
बीहड़ वन-कानन
समस्याओं का जंजाल
कभी पुरुषों को नहीं देखा
सुबह-दोपहर-शाम
जल लेने जाते कुएँ-ताल।
Share Me
मेहनत की ज़िन्दगी है
प्रेम का प्रतीक है
हाथ में मेरे
न देख मेरा चेहरा
न पूछ मेरी आस।
भीख नहीं मांगती
दया नहीं मांगती
मेहनत की ज़िन्दगी है
छोटी है तो क्या
मुझ पर न दया दिखा।
मुझसे ज्यादा जानते हो तुम
जीवन के भाव को।
न कर बात यूं ही
इधर-उधर की
लेना हो तो ले
मंदिर में चढ़ा
किसी के बालों में लगा
कल को मसलकर
सड़कों पर गिरा
मुझको क्या
लेना हो तो ले
नहीं तो आगे बढ़
Share Me
प्रकृति है जीवन सौन्दर्य
रक्त पीत वर्ण में बासंती बयार फ़लक है।
आकर्षित करता तुम्हारा रूप दृष्टि ललक है।
न जाने कब छा जायें घटाएं, बदले मौसम,
जीवन के सौन्दर्य की यह बस एक झलक है।
Share Me
रंगों में बहकता है
यह अनुपम सौन्दर्य
आकर्षित करता है,
एक लम्बी उड़ान के लिए।
रंगों में बहकता है
किसी के प्यार के लिए।
इन्द्रधनुष-सा रूप लेता है
सौन्दर्य के आख्यान के लिए।
तरू की विशालता
संवरती है बहार के लिए।
दूर-दूर तम फैला शून्य
समझाता है एक संवाद के लिए।
परिदृश्य से झांकती रोशनी
विश्वास देती है एक आस के लिए।
Share Me
प्रेम प्रतीक बनाये मानव
चहक-चहक कर
फुदक-फुदक कर
चल आज नया खेल हम खेंलें।
प्रेम प्रतीक बनाये मानव,
चल हम इस पर इठला कर देखें।
तू क्या देखे टुकुर-टुकुर,
तू क्या देखे इधर-उधर,
कुछ बदला है, कुछ बदलेगा।
कर लो तुम सब स्वीकार अगर,
मौसम बदलेगा,
नव-पल्लव तो आयेंगे।
अभी चलें कहीं और
लौटकर अगले मौसम में,
घर हम यहीं बनायेंगे।
Share Me
एक और विभीषिका की प्रतीक्षा में।
हर वर्ष आती है यह विभीषिका।
प्रतीक्षा में बैठै रहते हैं
कब बरसेगा जल
कब होगी अतिवृष्टि
डूबेंगे शहर-दर-शहर
टूटेंगे तटबन्ध
मरेगा आदमी
भूख से बिलखेगा
त्राहि-त्राहि मचेगी चारों ओर।
फिर लगेंगे आरोप-प्रत्यारोप
वातानुकूलित भवनों में
योजनाओं का अम्बार लगेगा
मीडिया को कई दिन तक
एक समाचार मिल जायेगा,
नये-पुराने चित्र दिखा-दिखा कर
डरायेंगे हमें।
कितनी जानें गईं
कितनी बचा ली गईं
आंकड़ों का खेल होगा।
पानी उतरते ही
भूल जायेंगे हम सब कुछ।
मीडिया कुछ नया परोसेगा
जो हमें उत्तेजित कर सके।
और हम बैठे रहेंगे
अगले वर्ष की प्रतीक्षा में।
नहीं पूछेंगे अपने-आपसे
कितने अपराधी हैं हम,
नहीं बनायेंगे
कोई दीर्घावधि योजना
नहीं ढूंढेगे कोई स्थायी हल।
बस, एक-दूसरे का मुंह ताकते
बैठे रहेंगे
एक और विभीषिका की प्रतीक्षा में।
Share Me
ढोल की थाप पर
संगीत के स्वरों में कुछ रंग ढलते हैं
मनमीत के संग जीवन के पल संवरते हैं
ढोल की थाप पर तो नाचती है दुनिया
हम आनन्द के कुछ पल सृजित करते हैं।
Share Me
गगन पर बिखरी रंगीनिया
सूरज की किरणें देखो नित नया कुछ लाती है
भोर की आभा देखो नित नये रूप सजाती है
पत्ते-पत्ते पर खेल रही ओस की बूंदे झिलमिल
गगन पर बिखरी रंगीनिया देखो नित लुभाती है।